home page

खाद्य सुरक्षा दल की बड़ी कार्रवाई, 760 किलो सोनपापड़ी जब्त

 | 
खाद्य सुरक्षा दल की बड़ी कार्रवाई, 760 किलो सोनपापड़ी जब्त


धौलपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण एवं नमूनीकरण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्म सिंह मीणा के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल ने रीको औद्योगिक क्षेत्र धौलपुर स्थित दो प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की। डॉ. मीणा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने अजंता मिल्क फूड एंड डेयरी प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड, रीको औद्योगिक क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान प्रतिष्ठान में तैयार एवं संग्रहित खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच करते हुए मिश्रित दूध, पनीर, चीज एवं चीज एएमडीएफ सहित चार खाद्य उत्पादों के नमूने लिए गए। सभी नमूनों को गुणवत्ता जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाया जा रहा है।

इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा दल ने रीको औद्योगिक क्षेत्र स्थित कृष्णा फूड प्रोडक्ट्स पर भी कार्रवाई की। यहां से सोनपापड़ी के तीन नमूने लिए गए तथा गुणवत्ता को लेकर संदेह के आधार पर 760 किलोग्राम सोनपापड़ी जब्त की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई करते हुए खाद्य उत्पादों को जांच रिपोर्ट आने तक जब्ती में रखा। सीएमएचओ डॉ. मीणा ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिठाइयों एवं अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के साथ मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभाग की ओर से निरंतर निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई की जा रही है। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट अथवा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप