home page

धौलपुर में आपसी भाईचारा एवं सद्व हम सबकी जिम्मेदारी : डीएम

 | 
धौलपुर में आपसी भाईचारा एवं सद्व हम सबकी जिम्मेदारी : डीएम


धौलपुर, 27 फ़रवरी (हि.स.)। आमजन एवं पुलिस के मध्य बेहतर समन्वय एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में जिला स्तरीय सीएलजी सदस्यों की बैठक शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में आगामी त्योहारों के मद्देनजर कानून व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा सांप्रदायिक सौहार्द एवं आपसी सद्भाव बनाए रखने पर मंथन हुआ।

जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने में आपकी भूमिका महत्वपूर्ण है, इसलिए पुलिस व प्रशासन का सहयोग करते हुए आमजन की परेशानियों से अवगत कराएं। उन्होंने होली, रमजान, चेटीचंड, नवरात्रि, रामनवमी एवं ईद जैसे आगामी पर्वों के दौरान शांति, सौहार्द और भाईचारे का वातावरण बनाए रखने की अपील भी की। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के व्यक्तियों एवं धर्मगुरुओं के साथ निरंतर संवाद स्थापित रखा जाए। उन्होंने विशेष रूप से सोशल मीडिया की सतत् मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिये कि भ्रामक, अफवाह फैलाने वाले अथवा उत्तेजक पोस्ट करने वालों के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए। उन्होंने होली के दौरान हुडदंग मचाने वाले लोगों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने कहा कि जिला स्तरीय सीएलजी सदस्य आमजन एवं पुलिस के मध्य एक सेतु की तरह होते हैं। पुलिस को सीएलजी सदस्यों की भागीदारी, सहयोग एवं निष्पक्ष फीडबैक अपेक्षित रहेगा। सामाजिक सद्भाव एवं सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों की जानकारी मिले तो पुलिस को तुरंत अवगत कराएं। जिले में आगामी मार्च–अप्रैल माह में मनाए जाने वाले होलिका दहन, धुलण्डी, शीतला अष्टमी, रंग तेरस, चेटीचण्ड, जुमातुल विदा, ईद-उल-फितर (चाँद से), रामनवमी, महावीर जयंती, गुड फ्राइडे, महात्मा ज्योतिबा फूले जयंती, डॉ. भीमराव अम्बेडकर जयंती, वैशाखी, सैन जयंती एवं परशुराम जयंती सहित अन्य पर्वों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक के दौरान उपस्थित सदस्यों से अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित व्यवस्थाओं एवं संभावित चुनौतियों पर सुझाव प्राप्त कर उनके जल्द ही निराकरण की बात कही। बैठक में सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले भ्रामक समाचारों एवं अफवाहों से सतर्क रहने तथा सभी उपखंड अधिकारियों एवं पुलिस उपाधीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में सीएलजी सदस्यों की बैठक आयोजित कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, वृताधिकारी वृत्त धौलपुर कृष्णराज जांगिड, थानाधिकारी कोतवाली वीरेन्द्र मीणा, थानाधिकारी निहालगंज अमित शर्मा एवं अपराध सहायक महेश शर्मा सहित सभी जिला स्तरीय सीएलजी सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप