home page

राजस्थान होमगार्ड्स कल्याण कोष से 125 विद्यार्थियों को मिला प्रोत्साहन

 | 
राजस्थान होमगार्ड्स कल्याण कोष से 125 विद्यार्थियों को मिला प्रोत्साहन


धौलपुर, 28 मई (हि.स.)। राजस्थान होमगार्ड्स संगठन द्वारा अपने स्वयंसेवकों एवं जवानों के परिवारों के सामाजिक एवं शैक्षणिक उत्थान के उद्देश्य से संचालित कल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में छात्रवृत्ति वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला कलक्टर श्रीनिधि बी टी द्वारा राजस्थान होमगार्ड्स कल्याण कोष से होमगार्ड स्वयंसेवकों एवं जवानों के बालक-बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति राशि वितरित की गई।

इस मौके पर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बी टी ने कहा कि किसी भी समाज एवं राष्ट्र की वास्तविक प्रगति शिक्षा के माध्यम से ही संभव है। होमगार्ड स्वयंसेवक राज्य एवं समाज की सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं तथा उनके परिवारों को इस प्रकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना अत्यंत सराहनीय पहल है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि उन्हें अपने जीवन में अनुशासन, परिश्रम एवं सकारात्मक सोच को अपनाकर आगे बढ़ना चाहिए। जिला कलक्टर ने विद्यार्थियों से कहा कि वे शिक्षा को केवल नौकरी प्राप्त करने का माध्यम न मानें, बल्कि इसे अपने व्यक्तित्व विकास, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण से जोड़कर देखें। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने माता-पिता के संघर्ष एवं त्याग को याद रखते हुए मेहनत और लगन से अध्ययन करने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में प्रशासनिक सेवाओं, तकनीकी शिक्षा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग, रक्षा सेवाओं एवं अन्य प्रतिष्ठित क्षेत्रों में आगे बढ़कर धौलपुर जिले एवं राजस्थान का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करने का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में कमाण्डेन्ट गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्र डॉ. भानू शर्मा ने कहा कि होमगार्ड संगठन सदैव अपने स्वयंसेवकों एवं उनके परिवारों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध रहा है।

कार्यक्रम में जिले के कुल 88 होमगार्ड स्वयंसेवकों के 125 प्रतिभाशाली एवं अध्ययनरत बालक-बालिकाओं को 6 हजार रुपये से लेकर 30 हजार रुपये तक की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इस प्रकार विद्यार्थियों को कुल 18 लाख 46 हजार रुपये की राशि वितरित की गई। विद्यार्थियों को दी जाने वाली यह छात्रवृत्ति उनके उज्ज्वल भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी तथा उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। समापन विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाओं एवं राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान के संकल्प के साथ किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप