शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थी जीवन का अनिवार्य हिस्सा : शर्मा
धौलपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय धौलपुर में शनिवार को राष्ट्रीय खेल दिवस का आयोजन उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया। इस मौके पर विद्यार्थियों ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लिया।
विद्यालय के प्राचार्य मन्मथ कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी विद्यार्थी जीवन का अनिवार्य हिस्सा हैं। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है, इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी को पढ़ाई के साथ किसी न किसी खेल को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए कहा कि उनका जीवन एकाग्रता, विनम्रता, अनुशासन, समर्पण और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है। उनके असाधारण गेंद नियंत्रण एवं गोल करने की क्षमता के कारण उन्हें ‘हॉकी के जादूगर’ के रूप में जाना जाता है।
कार्यक्रम के संयोजक इश्ताक अली ने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि वे विद्यार्थी के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। राष्ट्रीय खेल दिवस प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। उनका जीवन आज की युवा पीढ़ी को यह संदेश देता है कि प्रतिभा को सफलता में बदलने के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प आवश्यक है। इस अवसर पर जाहन्वी एवं आर्यन ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर अपने विचार व्यक्त किए और कक्षा ग्यारहवीं के छात्र अखिलेश विद्यालय खेल कप्तान ने सभी को प्रतिज्ञा दिलवाई। कार्यक्रम का संचालन करते हुए दीपक कुशवाह ने विद्यार्थियों को खेलों के प्रति जागरूक करते हुए नियमित रूप से खेल गतिविधियों में भाग लेने का आह्वान किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं कर्मचारी मायाराम रावत, राकेश कुमार, राखी गुप्ता, वीरभान गुर्जर, कुलवीर सिंह, सोनम शर्मा, ममता, प्रीती एवं रवींद्र कुमार उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

