एसीबी ने 25 हजार की रिश्वत लेते कनिष्ठ सहायक दबोचा
धौलपुर, 03 जून (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने धौलपुर जिले के बसेडी में कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपए की रिश्वत लेते एक कनिष्ठ सहायक को गिरफ्तार किया है। बसेडी पंचायत समिति की रतनपुर ग्राम पंचायत में तैनात कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार ने मस्टररोल जारी करने के एवज में रिश्वत मांगी थी। एसीबी की टीम द्वारा आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
एसीबी के डीएसपी ज्ञानचंद ने बताया कि धौलपुर जिले के बसेडी इलाके के एक परिवादी ने एसीबी में शिकायत करते हुए बताया कि कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार द्वारा मनरेगा में मस्टररोल जारी करने के एवज में 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। एसीबी द्वारा दिन पूर्व एक जून को किए गए सत्यापन में शिकायत सही पाई गई। इसके बाद में बुधवार को एसीबी की टीम ने छापामार कर रतनपुर ग्राम पंचायत में तैनात कनिष्ठ सहायक रमेश कुमार को धर दबोचा। रिश्वत की यह राशि आरोपित की पेंट की जेब से बरामद की गई। एसीबी ने आरोपित के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में आरोपित कनिष्ठ सहायक से पूछताछ तथा अग्रिम अनुसंधान जारी है। आरोपित को गुरूवार को भरतपुर में एसीबी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप

