home page

शुभ योगों के संयोग में मनेगा धनतेरस: सोना-चांदी की खरीदारी से गुलजार होंगे बाजार

 | 
शुभ योगों के संयोग में मनेगा धनतेरस: सोना-चांदी की खरीदारी से गुलजार होंगे बाजार


जयपुर, 03 नवंबर (हि.स.)। इस बार धनतेरस का पर्व अनेक शुभ योगों के संयोग में मनाया जाएगा। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार धनतेरस पर शुभ योगों में खरीदारी, निवेश और नए कार्यों की शुरुआत करना विशेष फलदायी माना जाता है। यही वजह है कि त्योहार को लेकर बाजारों में उत्साह का माहौल है। सोना-चांदी से लेकर बर्तन, वाहन और इलेक्ट्रॉनिक्स बाजार तक में अच्छी ग्राहकी की उम्मीद है।

पंडित राजेश कुमार शर्मा के अनुसार धनतेरस पर सोना और चांदी खरीदने की सदियों पुरानी परंपरा है। इस दिन सोने-चांदी के आभूषण, सोने के सिक्के, चांदी के बर्तन और मां लक्ष्मी-भगवान गणेश की प्रतिमाएं खरीदने का विशेष महत्व माना जाता है। धनतेरस से पहले ही शहर के ज्वेलरी शोरूम और सर्राफा बाजारों में तैयारियां तेज हो गई हैं। ग्राहकों की पसंद को देखते हुए दुकानदार आकर्षक डिजाइन के हल्के वजन वाले आभूषण और चांदी के नए संग्रह तैयार कर रहे हैं। सर्राफा कारोबारियों को इस बार भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है।

धनतेरस पर केवल सोना-चांदी ही नहीं, बल्कि पीतल, तांबे और स्टील के बर्तन खरीदने की भी परंपरा है। इसके साथ ही वाहन, इलेक्ट्रॉनिक्स सामान और घरेलू उपकरणों की खरीदारी को भी शुभ माना जाता है। कई लोग इस दिन संपत्ति में निवेश और नए सामान की खरीदारी को प्राथमिकता देते हैं। ऐसे में बाजारों में ज्वेलरी, बर्तन, ऑटोमोबाइल और इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबार में रौनक रहने की संभावना है।

पंडित शर्मा ने बताया कि धनतेरस को धन, आरोग्य और समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि, मां लक्ष्मी और कुबेर की पूजा का विशेष महत्व है। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने से घर में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। अनेक शुभ योगों के संयोग ने इस बार धनतेरस को लेकर लोगों की धार्मिक आस्था के साथ बाजारों की उम्मीदों को भी बढ़ा दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश