पानी की मांग को लेकर जयपुर हाईवे किया जाम
जोधपुर, 11 मई (हि.स.)। शहर में बढ़ती गर्मी के साथ पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है। इसी समस्या को लेकर सोमवार को डिगाड़ी स्थित श्रीयादे नगर की महिलाओं ने पीने के पानी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। अपनी मांगों पर सुनवाई नहीं होने पर प्रदर्शनकारियों ने जोधपुर-जयपुर हाईवे पर जाम लगा दिया, जिसे बाद में पुलिस की समझाइश से खुलवाया गया।
पेयजल संकट से परेशान होकर महिलाएं सबसे पहले जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) के क्षेत्रीय ऑफिस के बाहर पहुंचीं। वहां प्रदर्शनकारियों ने अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताते हुए अपनी समस्या के समाधान की मांग की।
इन महिलाओं का आरोप है कि पिछले एक साल से उनके क्षेत्र में पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है और उन्हें नियमित जलापूर्ति नहीं मिल रही है। क्षेत्रवासियों के अनुसार उनके इलाके में पानी की सप्लाई नहीं होने के कारण लोगों को मजबूरन निजी टैंकरों से पानी मंगवाना पड़ रहा है। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, पानी के एक टैंकर के लिए उन्हें 800 से 1000 रुपए तक का भुगतान करना पड़ता है। यह पानी सात दिन भी पूरा नहीं चल पाता है, जिसके चलते उन्हें बार-बार हजारों रुपए खर्च कर पानी मंगवाना पड़ रहा है।
जलदाय विभाग के ऑफिस में सुनवाई नहीं होने से नाराज होकर महिलाओं ने जयपुर-जोधपुर हाईवे पर जाम लगा दिया। करीब 20 मिनट तक हाईवे जाम रहने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हुआ। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों से समझाइश कर जाम खुलवाया। पुलिस द्वारा जलदाय विभाग के उच्च अधिकारियों को भी इस पूरे मामले से अवगत करवा दिया गया है। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पेयजल समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो इस आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

