home page

डूंगरपुर रेलवे स्टेशन का नाम भील राजा डूंगर बरण्डा करने की मांग, विधायक गणेश घोघरा ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

 | 
डूंगरपुर रेलवे स्टेशन का नाम भील राजा डूंगर बरण्डा करने की मांग, विधायक गणेश घोघरा ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र


डूंगरपुर, 10 जुलाई (हि.स.)। विधानसभा क्षेत्र डूंगरपुर से विधायक गणेश घोघरा ने डूंगरपुर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर क्षेत्र के संस्थापक के नाम पर भील राजा डूंगर बरण्डा रेलवे स्टेशन करने की मांग की है। इस संबंध में विधायक ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को एक आधिकारिक पत्र लिखकर जनभावनाओं के अनुरूप त्वरित कार्रवाई करने और राज्य सरकार की ओर से सहमति/अनापत्ति जारी करने का आग्रह किया है।

मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में विधायक घोघरा ने ऐतिहासिक तथ्यों का हवाला देते हुए बताया कि डूंगरपुर की स्थापना 13वीं शताब्दी में आदिवासी (भील) राजा डूंगर बरण्डा ने की थी और उन्हीं के नाम पर इस जिले का नाम डूंगरपुर रखा गया है। राजा डूंगर बरण्डा इस वागड़ क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक पहचान के प्रमुख आधार स्तंभ हैं। उन्होंने बताया कि डूंगरपुर जिले में करीब 75 प्रतिशत आबादी आदिवासी (भील) जनजाति की है, जो लंबे समय से इस नामकरण की मांग कर रही है।

विधायक ने पत्र में उल्लेख किया है कि संसदीय कार्य मंत्री और मुख्यमंत्री कार्यालय के विशिष्ट सचिव द्वारा दिसंबर 2025 में ही नाम परिवर्तन के परीक्षण तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों (विधायक/सांसद) से सहमति प्राप्त करने के आदेश जारी किए जा चुके हैं। विगत कई वर्षों से स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों द्वारा निरंतर यह मांग उठाई जा रही है। विधायक घोघरा ने कहा कि डूंगरपुर रेलवे स्टेशन का नाम बदलकर भील राजा डूंगर बरण्डा रेलवे स्टेशन किया जाना ऐतिहासिक दृष्टि से अत्यंत उपयुक्त, न्यायसंगत और क्षेत्रीय भावनाओं के सम्मान के अनुकूल होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष