ओरण व चारागाह भूमि के संरक्षण की मांग
जोधपुर, 23 फरवरी (हि.स.)। ओरण व चारागाह भूमि को बचाने की मांग को लेकर तनोट माता मंदिर जैसलमेर से रवाना हुई पदयात्रा का जोधपुर पहुंचने पर समर्थन किया गया और यहां भी ओरण संरक्षण जन आक्रोश रैली निकाली गई।
गोपाल सिंह भलासरिया ने बताया कि आज दोपहर मारवाड़ राजपूत सभा भवन में आयोजित ओरण बचाओ पदयात्रा जैसलमेर से जयपुर के अंतर्गत ओरण संरक्षण जन आक्रोश रैली निकाली गई। बाद में संभागीय आयुक्त को ओरण संरक्षण हेतु मांग पत्र सौंपा गया। उन्होंने बताया कि ओरण हमारी आस्था, संस्कृति और गौ माता की जीवनरेखा हैं। इनके संरक्षण के लिए एकजुट होना आज समय की आवश्यकता है।
सरकार द्वारा गोचर भूमि निजी कंपनियों को आवंटित किए जाने से पशुपालकों और ग्रामीणों की आजीविका पर संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने इस फैसले का विरोध करते हुए गोचर व औरण भूमि को सुरक्षित रखने की मांग की। पदयात्रियों ने बताया कि वे जयपुर पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे और सरकार से गोचर भूमि आवंटन के निर्णय पर पुनर्विचार की मांग करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

