दिल्ली होटल दुखांतिका: अजमेर व किशनगढ़ के तीन जनों की हुई मौत
अजमेर, 3 जून(हि.स.)। दिल्ली के मालवीय नगर स्थित लेमन ग्रीन रेस्टोरेंट में लगी भीषण अग्निकांड में किशनगढ़ के लक्ष्मीनारायण कॉलोनी निवासी अशोक पंसारी, गुलाब बाड़ी अजमेर निवासी यूको बैंक से सेवानिवृत जवंरीलाल अग्रवाल व उनकी पत्नी कमला अग्रवाल की मौत हो गई। सूचना मिलने पर अजमेर व किशनगढ़ में दुख व शोक व्याप्त हो गया। समाजबंधु इस घटना से बेहद आहत हैं। बताते हैं एक जून को कमला अग्रवाल का जन्म दिन मनाया गया था जिसे आस पड़ौस के लोगों ने मनाया था। बताया जा रहा है कि अग्रवाल दम्पती के शव गुरुवार को अजमेर लाए जाएंगे। अजमेर पुलिस अधीक्षक ने मामले में संवेदनशीलता दर्शाते हुए परिवारजनों से सम्पर्क कर व्यवस्थाओं में यथा संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
पड़ौसी भगवती गुप्ता ने बताया जवंरीलाल व कमला अग्रवाल दोनों ही बेहद सामाजिक थे। व्यवहार से काफी कुशल थे। लायंस क्लब और भारत विकास परिषद, अग्रवाल समाज आदि संस्थाओं के सामाजिक सरोकार से जुड़े हुए थे। बताते हैं कि इनके पुत्र गूगल में अमेरिका काम करते हैं और पुत्री जयपुर में ब्याही हुई हैं।
पड़ौसियों ने बताया कि वे दिल्ली मैक्स हॉस्पिटल में भर्ती फूफाजी राधेश्याम अग्रवाल का हालचाल जानने गए थे। दिल्ली में
देर रात को सभी लोग होटल में रुके हुए थे। होटल में आज सुबह भीषण आग ने किसी को संभलने का मौका नहीं दिया।
इस दर्दनाक हादसे में अशोक पंसारी, उनकी छोटी बुआ अजमेर गुलाब बाड़ी निवासी कमला देवी और उनके पति जंवरीलाल की मौत हो गई।
सूचना यह भी मिली है कि हॉस्पिटल में भर्ती राधेश्याम अग्रवाल के परिवार पर भी दुखों का पहाड़ टूटा है। अग्निकांड में उनकी पत्नी प्रेम, पुत्र विवेक, पुत्रवधु तर्जनी, बड़ी बेटी एंजल और छोटी बेटी की भी जान गई है।
एक ही परिवार के कई सदस्यों की मौत से किशनगढ़ और अजमेर में समाज बंधुओं में मातम पसर गया है। कॉलोनी के लोग तो आंखे नम कर बैठे हैं। हादसे से परिजन और परिचित स्तब्ध है। परिवार के कई लोग दिल्ली के लिए हुए रवाना हो गए हैं।
अजमेर पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए पंसारी परिवार के दामाद सुमित से बात की है और हादसे पर दुख जताया है। अग्रवाला ने सम्पूर्ण जानकारी कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष

