home page

डेगाना स्टेशन पर टिकट काउंटर नई बिल्डिंग में शिफ्ट

 | 
डेगाना स्टेशन पर टिकट काउंटर नई बिल्डिंग में शिफ्ट


अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बदलाव, अब मेन गेट के पास मिलेगी सुविधा

जोधपुर, 16 जून (हि.स.)। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डेगाना रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में स्टेशन का टिकट बुकिंग काउंटर नई स्टेशन बिल्डिंग में स्थानांतरित कर दिया गया है। अब यात्रियों को टिकट लेने के लिए पुराने बुकिंग कार्यालय तक नहीं जाना पड़ेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव ने बताया कि नया टिकट बुकिंग कार्यालय स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के पास शुरू कर दिया गया है। यहां यात्रियों को आरक्षित और अनारक्षित दोनों प्रकार की टिकट बुकिंग की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके अतिरिक्त पूछताछ काउंटर भी नई स्टेशन बिल्डिंग में शिफ्ट किया गया है।

उन्होंने बताया कि नई व्यवस्था से यात्रियों की आवाजाही आसान होगी और स्टेशन परिसर में बेहतर भीड़ प्रबंधन भी संभव होगा। मुख्य प्रवेश क्षेत्र में काउंटर होने से समय की बचत के साथ यात्रियों को अधिक सुविधा मिलेगी। रेलवे के अनुसार स्टेशन के पुनर्विकास कार्य के तहत अन्य आधुनिक यात्री सुविधाएं भी चरणबद्ध तरीके से विकसित की जा रही हैं, जिससे भविष्य में यात्रियों को अधिक व्यवस्थित और बेहतर अनुभव मिल सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश