दीपक आत्महत्या मामला: परिजनों और आंदोलनरत नर्सिंगकर्मियों से मिले हनुमान बेनीवाल
जयपुर, 12 जून (हि.स.)। महिला चिकित्सालय जयपुर में संविदा पर कार्यरत नर्सिंगकर्मी दीपक खारवाल की आत्महत्या के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत दीपक के परिजनों और आंदोलनरत नर्सिंगकर्मियों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
बेनीवाल ने कहा कि दौसा जिले के निवासी दीपक खारवाल स्वास्थ्य विभाग द्वारा संविदा सेवाएं समाप्त किए जाने के बाद मानसिक रूप से बेहद परेशान थे। उन्होंने आरोप लगाया कि सिस्टम की प्रताड़ना और रोजगार छिन जाने की पीड़ा से आहत होकर दीपक ने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
सांसद ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और चिंताजनक है। प्रदेश का स्वास्थ्य महकमा गंभीर संकट से गुजर रहा है और स्वास्थ्य सेवाएं वेंटिलेटर पर पहुंच चुकी हैं। उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नाकारा स्वास्थ्य मंत्री की वजह से हालात लगातार बिगड़ रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की चुप्पी भी चिंताजनक है।
उन्होंने बताया कि एसएमएस अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर संविदा नर्सिंगकर्मी अपनी मांगों को लेकर आंदोलनरत हैं। इस संबंध में उन्होंने राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर दिवंगत नर्सिंगकर्मी के परिजनों और आंदोलनरत प्रतिनिधियों से तत्काल संवाद स्थापित करने तथा उनकी मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने को कहा है।
बेनीवाल ने सरकार से मांग की कि मृतक के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता प्रदान की जाए तथा संविदा कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं की अनदेखी भविष्य में और गंभीर परिस्थितियां पैदा कर सकती है।
इस दौरान बड़ी संख्या में नर्सिंगकर्मी एसएमएस अस्पताल परिसर में मौजूद रहे और संविदा कर्मियों की पुनर्नियुक्ति, मृतक के परिजनों को सहायता तथा रोजगार सुरक्षा की मांग को लेकर प्रदर्शन करते रहे। सांसद ने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

