जन-मन काव्य यात्रा का तीसरा पड़ाव 29 को बारहगुवाड़ में
बीकानेर, 21 नवंबर (हि.स.)। जन मन काव्य यात्रा का तीसरा पड़ाव 29 नवम्बर को बारह गुवाड़ में सायं 7.15 बजे से आयोजित होगा। यह आयोजन राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी के पूर्व अध्यक्ष और राजस्थानी के मूर्धन्य साहित्यकार शिवराज छंगाणी को समर्पित रहेगा। शनिवार को छंगाणी की जयंती के अवसर पर आयोजित संगोष्ठी 'राजस्थानी साहित्यिक परंपरा और बीकानेर' में यह निर्णय लिया गया।
कार्यक्रम संयोजक इंजी. विपिन लढ्ढा ने बताया कि रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स एवं प्रसार के संयुक्त तत्वावधान में बीकानेर की पारंपरिक पाटा काव्य परंपरा को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से जन मन काव्य यात्रा शुरू की गई है। इसके तहत प्रत्येक माह शहर के पाटों वाले मोहल्लों में कवि सम्मेलन आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें स्थानीय कवि अपनी काव्य प्रस्तुतियां देते हैं।
प्रसार अध्यक्ष डॉ. हरि शंकर आचार्य ने बताया कि यह यात्रा इस वर्ष सितंबर से अगले वर्ष अगस्त तक आयोजित की जाएगी। इस बार शहर के आठ स्थानीय कवि अपनी प्रस्तुतियां देंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से बीकानेर की समृद्ध मंचीय काव्य परंपरा को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
संगोष्ठी के मुख्य वक्ता वरिष्ठ राजस्थानी साहित्यकार डॉ. गौरी शंकर प्रजापत ने शिवराज छंगाणी के राजस्थानी साहित्य में योगदान को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने बीकानेर की समृद्ध साहित्यिक परंपरा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा साहित्यकारों का साहित्य सृजन से जुड़ना सुखद और सकारात्मक संकेत है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए रतनलाल ओझा (रतना महाराज) ने कहा कि एक दौर में बीकानेर में रात-रातभर कवि सम्मेलन आयोजित होते थे। धीरे-धीरे हम इस परंपरा से दूर होने लगे, ऐसे में दोनों संस्थाओं की यह पहल इसे पुनर्जीवित करेगी।
पार्षद दुर्गादास छंगाणी ने कहा कि शिवराज छंगाणी ने राजस्थानी साहित्य सृजन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया। पार्षद गिरिराज जोशी ने कहा कि इस तरह के आयोजन मंचीय काव्य परंपरा को नई पहचान देंगे। कोलकाता से आए डॉ. बी.के. शर्मा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से बीकानेर की पाटा संस्कृति को भी नई पहचान मिलेगी। किशन ओझा ने शिवराज छंगाणी के साहित्यिक योगदान के साथ उनकी सामाजिक और सांस्कृतिक प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।
इस अवसर पर पं. कालीचरण ओझा, विजय कुमार ओझा, दिनेश कुमार चूरा, सुशील छंगाणी सहित अन्य साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे। इंद्र कुमार छंगाणी ने आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

