भोपालगढ़ में पांच दिन में हुई दो प्रसूताओं की मौत
महिला चिकित्सक और नर्सिंग ऑफिसर एपीओ, जांच कमेटी का गठन
जोधपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। जिले के राजकीय उपजिला अस्पताल भोपालगढ़ में पांच दिन में दो प्रसूताओं की मौत हो गई है। इन घटनाओं के बाद चिकित्सा विभाग ने कार्रवाई करते हुए एक महिला चिकित्सक और एक नर्सिंग अधिकारी को एपीओ कर दिया है। साथ ही एक जांच कमेटी भी गठित की गई है।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम नागौर जिले के मूंडवा क्षेत्र के दियावड़ी गांव निवासी किरण पत्नी राजेंद्र को प्रसव के लिए भोपालगढ़ अस्पताल लाया गया था। गुरुवार सुबह महिला ने सामान्य प्रसव से बच्चे को जन्म दिया, लेकिन कुछ ही समय बाद अत्यधिक रक्तस्राव शुरू हो गया। स्थिति गंभीर होने पर उसे जोधपुर के उम्मेद अस्पताल रेफर किया गया, जहां महिला की मौत हो गई। इससे पहले नागौर जिले के हरसोलाव (गोटन) निवासी एक गर्भवती महिला को गत शनिवार को प्रसव पीड़ा के चलते भोपालगढ़ के राजकीय उपजिला अस्पताल लाया गया था। उपचार के दौरान स्थिति बिगडऩे पर उसे भी उम्मेद अस्पताल के लिए रेफर किया गया। रास्ते में अत्यधिक रक्तस्राव हो गया और उम्मेद अस्पताल पहुंचने के कुछ समय बाद महिला की मौत हो गई।
दो प्रसूताओं की मौत के मामले में सीएमएचओ जोधपुर (द्वितीय) डॉ. जितेंद्रसिंह चारण ने जांच के आदेश देते हुए महिला चिकित्सक डॉ. रतन कंवर एवं नर्सिंग ऑफिसर प्रेम भाटी को तत्काल प्रभाव से एपीओ कर दिया है तथा उनका मुख्यालय संयुक्त निदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं जोधपुर जोन निर्धारित किया गया है। विभाग की ओर से पूरे प्रकरण की जांच के लिए कमेटी गठित की गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

