राजस्थान की शान में सजी खूबसूरती की महफिल: दामिनी बनीं मिसेज राजस्थान
जयपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। गुलाबी नगरी के सूर्या पैराडाइज में सौंदर्य प्रतियोगिता 'राजस्थान की शान' का ग्रैंड फिनाले हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस भव्य समारोह में प्रदेशभर से आए हुनरमंद प्रतिभागियों ने रैंप पर अपना जलवा बिखेरा। कार्यक्रम में विवाहित और अविवाहित श्रेणियों में विजेताओं की घोषणा की गई, जिसमें दामिनी वर्मा ने 'मिसेज राजस्थान' का खिताब अपने नाम किया।
प्रतियोगिता के कड़े मुकाबलों के बीच शिक्षा कुमारी और हीर दासवानी को 'मिस राजस्थान' चुना गया। इनके साथ ही अबनूर कौर और आद्विका भी प्रतियोगिता की विभिन्न श्रेणियों में विजेता बनकर उभरीं। विजेताओं के नामों की घोषणा होते ही पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
फिनाले की शाम को और भी यादगार बनाने के लिए बॉलीवुड अभिनेता अंकित शर्मा और सेलिब्रिटी पूजा शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में ग्लैमर जगत की कई नामी हस्तियों ने शिरकत की। जिनमें फिल्म अभिनेत्री सनाया सैनी और मॉडल ईशा कोहली,आंचल पुरी, किशोर गीठाला, शगुन वर्मा और गुरु रेखा सैनी,हेमेंद्र गोस्वामी और सुशीला सारस्वत सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शो की आयोजक स्नेहा शर्मा ने सफल आयोजन पर खुशी जाहिर करते हुए बताया कि इस शो को सफल बनाने में 'पैशन' की पूरी इवेंट टीम का विशेष योगदान रहा। उन्होंने स्पॉन्सर राधिका कल्चर सोसायटी और भगवती प्रॉपर्टी के कमलेश भारद्वाज सहित सभी साथियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

