home page

कृषि विश्वविद्यालय : डेयरी व्यवसाय में असीम संभावनाएं: कुलगुरु प्रो. जैतावत

 | 
कृषि विश्वविद्यालय : डेयरी व्यवसाय में असीम संभावनाएं: कुलगुरु प्रो. जैतावत


कृषि विश्वविद्यालय में डेयरी फार्मिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन

जोधपुर, 07 अपै्रल (हि.स.)। कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो (डॉ) वीरेंद्र सिंह जैतावत ने कहा कि वर्तमान में बाजार में शुद्ध डेयरी उत्पादों की अत्यधिक मांग है, ऐसे में डेयरी व्यवसायी पूर्णतया विश्वसनीय उत्पादों को बाजार में उपलब्ध करवा कर अपने ब्रांड को स्थापित कर सकते हैं, इससे आपकी साख बनने के साथ साथ आय में भी वृद्धि होगी। साथ ही युवा, डेयरी उद्योग की तेजी से बढ़ती मांग को देखते हुए इसे छोटे स्टार्टअप के तौर पर शुरू कर बड़े व्यवसाय की ओर कदम बढ़ा सकते हैं।

कुलगुरु प्रोफेसर जैतावत ने यह बात कृषि विश्वविद्यालय के किसान कौशल विकास केंद्र की ओर से आयोजित सात दिवसीय डेयरी फार्मिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन के मौके पर अध्यक्षीय संबोधन देते हुए कहा।

कार्यक्रम के दौरान उन्होंने प्रतिभागियों को पशुपालन की वैज्ञानिक विधियों को सीखने और अपनाने के लिए भी प्रेरित किया। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में मौजूद रहे सरस डेयरी के पूर्व प्रबंध निदेशक डॉ विक्रम व्यास ने कहा कि गरीबी उन्मूलन में डेयरी उद्योग का अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान है। इस व्यवसाय में दुग्ध से बने विभिन्न उत्पादों के अतिरिक्त, गोबर व खाद से भी अतिरिक्त आय का सृजन होता है।

समारोह में स्वागत उद्बोधन देते हुए केंद्र के प्रभारी डॉ प्रदीप पगारिया ने बताया कि प्रशिक्षण के माध्यम से प्रतिभागियों को वैज्ञानिक तरीके से पशुपालन करना सिखाया जायेगा। उन्होंने जानकारी दी कि सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षार्थियों को डेयरी फार्मिंग प्रबंधन, उन्नत पोषण, स्वास्थ्य प्रबंधन, दुग्ध उत्पादों के मूल्य संवर्धन आदि विषयों पर व्याख्यान व व्यवहारिक ज्ञान दिया जाएगा।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न भागों से 25 से अधिक प्रतिभागी शामिल हुए जिनका उद्देश्य डेयरी आधारित उद्यम, स्टार्टअप या व्यवसाय शुरू करना या उसे आगे बढ़ाना था। केंद्र की नोडल अधिकारी, डॉ प्रियंका स्वामी भी इस मौके पर मौजूद रही। समारोह में जनसंपर्क अधिकारी, डॉ संगीता शर्मा ने आभार जताया। इस दौरान प्रशिक्षण अधिकारी, डॉ प्रियंका, नीलिमा मकवाना, डॉ मनीष बेड़ा, अनिल यादव सहित नरहरि जोशी की मौजूदगी रही।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश