home page

शुद्ध डेयरी उत्पादों की बाजार में मांग: कुलगुरु

 | 
शुद्ध डेयरी उत्पादों की बाजार में मांग: कुलगुरु


कृषि विवि में डेयरी फार्मिंग एवं ड्रोन पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन

जोधपुर, 15 फरवरी (हि.स.)। कृषि विश्वविद्यालय के किसान कौशल विकास केंद्र में आज सात दिवसीय डेयरी फार्मिंग एवं पन्द्रह दिवसीय ड्रोन पायलट प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्घाटन समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर वीएस जैतावत ने की।

कुलगुरु ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि बाजार में शुद्ध डेयरी उत्पादों की उपलब्धता बड़ी समस्या बनती जा रही है। लोग अच्छी कीमत देकर भी शुद्ध उत्पाद खरीदना चाहते हैं। ऐसे में डेयरी व्यवसाय में ईमानदारी व विश्वसनीय शुद्ध उत्पाद बाजार में उपलब्ध करवा कर आप अपने ब्रांड को स्थापित कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों के मुकाबले राजस्थान में किसानों की आत्महत्या के मामले बहुत कम है इसका मुख्य कारण कृषि के साथ पशुपालन व्यवसाय भी अतिरिक्त आमदनी का जरिया है।

उन्होंने कहा कि यहां वैज्ञानिक तरीके से दिए गए प्रशिक्षण को मनोयोग से सीखे एवं आमदनी में अतिरिक्त इजाफा करें। इस दौरान किसान कौशल विकास केंद्र के प्रभारी डॉ प्रदीप पगारिया ने स्वागत उद्बोधन देते हुए प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रुपरेखा बताई। उन्होंने कहा कि केंद्र से प्रशिक्षण लेने के बाद अनेक किसान एवं युवा एंटरप्रेन्योर के रूप में बेहतर कार्य कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश