home page

दादू पंथ की भूमि बचाने के लिए भैराणा में जुटेगा जनसैलाब: बेनीवाल

 | 
दादू पंथ की भूमि बचाने के लिए भैराणा में जुटेगा जनसैलाब: बेनीवाल


जयपुर, 26 मई (हि.स.)। जयपुर जिले के भैराणा धाम में प्रस्तावित रीको औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि अधिग्रहण, दादू पंथ के संतों की पावन स्थली के अवाप्ति करण तथा हजारों पेड़ों की कटाई के विरोध में बुधवार को दोपहर 12:15 बजे विशाल महापंचायत आयोजित होगी। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने प्रदेशभर के कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों से बड़ी संख्या में महापंचायत में शामिल होने का आह्वान किया है।

बेनीवाल ने जारी बयान में कहा कि संत समाज की पावन स्थली और पर्यावरण संरक्षण के मुद्दे पर आयोजित इस महापंचायत में सरकार से “आर-पार की लड़ाई” लड़ी जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने जनभावनाओं, धार्मिक आस्थाओं और पर्यावरण संरक्षण की अनदेखी करते हुए भैराणा क्षेत्र में औद्योगिक परियोजना स्थापित करने का निर्णय लिया है, जिसका आरएलपी मजबूती से विरोध करेगी।

उन्होंने कहा कि भैराणा धाम राजस्थान की संत परंपरा, गौ सेवा और पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक रहा है। यह स्थल वर्षों से पशु-पक्षियों और वन्यजीवों के संरक्षण का भी महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। ऐसे में यहां औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने से धार्मिक और पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित होगा।

महापंचायत की तैयारियों को लेकर खींवसर के पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल, आरएलपी नेता प्रभाती लाल जाट सहित कई नेताओं ने सभा स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और तैयारियों को अंतिम रूप दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश