राजस्थान में बदलेगा मौसम, 31 तक चक्रवात ‘अर्बन’ का असर; 25 से अधिक जिलों में बारिश की चेतावनी
जयपुर, 28 अक्टूबर (हि.स.)। राजस्थान में गुरुवार से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती मौसम तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के आधे हिस्से में बादल छाने और कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, इस मौसमी तंत्र का असर 31 अक्टूबर तक बने रहने की संभावना है। इसके चलते दिन और रात के तापमान में गिरावट आने तथा सर्दी बढ़ने के आसार हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार चक्रवाती तंत्र के प्रभाव से प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। अगले कुछ दिनों के दौरान बादल छाने, बारिश होने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई शहरों में धूप कमजोर रहने से दिन के तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ गई। वहीं, रात के तापमान में भी गिरावट का दौर जारी है।
सीकर, कोटा, अजमेर और टोंक में न्यूनतम तापमान में करीब तीन डिग्री सेल्सियस तक की कमी आई है। मंगलवार रात सीकर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया। वहीं, माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में लगातार हो रही गिरावट से सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ने लगा है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, चक्रवाती तंत्र के प्रभाव से अगले तीन दिनों के दौरान राजस्थान के 25 से अधिक जिलों में बारिश हो सकती है।
इस दौरान कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने तथा कुछ क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने की संभावना है। बारिश और हवाओं के कारण अधिकतम और न्यूनतम तापमान में और गिरावट आ सकती है। मौसम में बदलाव का असर अक्टूबर के अंतिम दिनों तक बने रहने की संभावना है। इसके बाद नवंबर के पहले सप्ताह में सर्दी बढ़ने के आसार हैं। तापमान में गिरावट के साथ सुबह और रात के समय ठंड अधिक महसूस हो सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

