औरैया: ऑटो साइकिल की टक्कर में युवक की मौत
औरैया, 18 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में लक्ष्मणपुर गांव के पास शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान अंबरपुर निवासी सत्येंद्र पुत्र सरवन लाल के रूप में हुई है। वह पेशे से मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
जानकारी के अनुसार, सत्येंद्र शनिवार को किसी काम से साइकिल से मुरादगंज गया था। दोपहर में वह साइकिल से वापस अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह लक्ष्मणपुर स्थित पुराने हाईवे के पास पहुंचा, तभी एक तेज रफ्तार ऑटो ने साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सत्येंद्र सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लग गई।
हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुरादगंज चौकी प्रभारी उपेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण करीब एक घंटे बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और ऑटो चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
मुरादगंज चौकी प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक सत्येंद्र की शादी लगभग तीन वर्ष पहले सुंगधा गांव निवासी मिथलेश के साथ हुई थी। पांच वर्ष पूर्व उसके पिता सरवन लाल की भी मृत्यु हो चुकी है। छोटे भाई दिवेश ने पुलिस को तहरीर देकर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

