home page

बीकानेर में 'संडे ऑन साइक्लिंग' का 100वां संस्करण, 400 से अधिक लोगों ने निकाली साइकिल रैली

 | 
बीकानेर में 'संडे ऑन साइक्लिंग' का 100वां संस्करण, 400 से अधिक लोगों ने निकाली साइकिल रैली


बीकानेर, 29 नवंबर (हि.स.)। फिट इंडिया अभियान के तहत बीकानेर में रविवार को 'संडे ऑन साइक्लिंग' कार्यक्रम का 100वां संस्करण आयोजित किया गया। कलेक्ट्रेट कार्यालय से शुरू हुए इस आयोजन में 400 से अधिक साइकिल प्रेमियों, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों ने भाग लेकर फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। इस संस्करण की मुख्य थीम 'भारत ओलंपिक के लिए तैयार' रही।

कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्थान राज्य साइक्लिंग लीडर सुरेंद्र कूकणा, बीकानेर खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष, अंतरराष्ट्रीय साइक्लिस्ट दयाराम सारण और साइक्लिंग कोच श्रवण भांभू ने किया। साइकिल रैली से पहले निस्सू लिम्बा ने प्रतिभागियों को योग और जुंबा की गतिविधियां करवाईं, जिनमें खिलाड़ियों और अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके बाद रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।

रैली कलेक्ट्रेट कार्यालय से शुरू होकर अंबेडकर सर्किल, म्यूजियम सर्किल, गंगानगर सर्किल और ऐतिहासिक जूनागढ़ होते हुए वापस कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। इसमें राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों, अनुभवी साइक्लिस्टों और प्रशिक्षकों सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी शामिल हुए। इनमें पेमाराम जाट, रामप्रसाद लोल, नरेंद्र कस्वां, जेठाराम गाट, राजपाल, मुन्नीराम, लेखराम, राजू खान, राकेश गोदारा, गणेश, कौशल, बस्तीराम और लालचंद सहित अनेक खिलाड़ी मौजूद रहे।

राजस्थान राज्य साइक्लिंग लीडर एवं फिट इंडिया लीडर सुरेंद्र कूकणा ने बताया कि बीकानेर में प्रत्येक रविवार को 'संडे ऑन साइक्लिंग' कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य आमजन, युवाओं और बच्चों को साइकिलिंग तथा नियमित शारीरिक गतिविधियों से जोड़ना और फिटनेस के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि साइकिलिंग स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और फिट भारत के निर्माण का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के 100वें संस्करण में 400 से अधिक प्रतिभागियों की भागीदारी बीकानेर में खेल और फिटनेस के प्रति बढ़ते उत्साह को दर्शाती है। कूकणा ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले खिलाड़ियों, साइक्लिस्टों, प्रशिक्षकों और साइकिल प्रेमियों का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजीव