सरकारी खर्च पर लगाम: अब निजी होटलों-हॉल में नहीं होंगे सरकारी कार्यक्रम
जयपुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। राजस्थान सरकार ने फिजूलखर्ची पर अंकुश लगाने के लिए बड़ा निर्णय किया है। अब राज्य में सरकारी कार्यक्रम जैसे समारोह, प्रदर्शनी और सेमिनार निजी होटलों या प्राइवेट हॉल में आयोजित नहीं किए जाएंगे। इस संबंध में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की ओर से सभी विभागों, निगमों और स्वायत्तशासी संस्थाओं को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
सरकार के नए आदेश के अनुसार, सभी सरकारी आयोजन अब केवल सरकारी भवनों और कॉन्फ्रेंस हॉल में ही आयोजित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य सरकारी संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना और अनावश्यक खर्च को रोकना है।
हालांकि, यदि किसी विशेष परिस्थिति में निजी स्थल पर कार्यक्रम आयोजित करना अत्यावश्यक हो, तो इसके लिए मुख्य सचिव की अध्यक्षता वाली समिति से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य होगा। बिना अनुमति किसी भी निजी स्थान पर आयोजन नहीं किया जा सकेगा।
सरकार ने कुछ निर्धारित सरकारी स्थलों को ऐसे आयोजनों के लिए चिन्हित भी किया है। इनमें राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब, इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान, एचसीएम रीपा और दुर्गापुरा स्थित सियाम शामिल हैं, जहां विभाग अपने कार्यक्रम आयोजित कर सकते हैं।
सरकार का मानना है कि इस फैसले से न केवल खर्च में कमी आएगी, बल्कि सरकारी परिसंपत्तियों का बेहतर उपयोग भी सुनिश्चित हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

