home page

रोम में आईएफएडी अध्यक्ष से मिले मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, राजस्थान में कृषि-विकास पर सहयोग की संभावनाओं पर मंथन

 | 
रोम में आईएफएडी अध्यक्ष से मिले मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, राजस्थान में कृषि-विकास पर सहयोग की संभावनाओं पर मंथन


जयपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। राजस्थान के मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने रोम स्थित इंटरनेशनल फंड फॉर एग्रीकल्चरल डेवलपमेंट (आईएफएडी) मुख्यालय में आईएफएडी के अध्यक्ष डॉ. अल्वारो लारियो से द्विपक्षीय बैठक की।

बैठक में राजस्थान में कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में भविष्य के सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया।

बैठक में मुख्य रूप से सूखा प्रबंधन, फसल पद्धति, डेयरी विकास, कमांड एरिया विकास और जलागम विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। सूखे के प्रभाव को कम करने और कृषि क्षेत्र को बदलती परिस्थितियों के अनुरूप मजबूत बनाने के लिए फसल पद्धति से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर भी विचार साझा किए गए।

इसके अलावा प्रदेश में डेयरी क्षेत्र को बढ़ावा देने, सिंचाई से जुड़े कमांड एरिया के बेहतर विकास तथा जलागम विकास के माध्यम से जल संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों की कृषि व्यवस्था को मजबूत करने के मुद्दे भी बैठक के एजेंडे में रहे।

बैठक के दौरान इन क्षेत्रों में आईएफएडी और राजस्थान के बीच भविष्य में सहयोग की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े इन विषयों पर अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभव और विशेषज्ञता का लाभ राजस्थान को मिलने की संभावनाओं को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित