home page

त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, 893 किलो संदिग्ध खाद्य सामग्री नष्ट

 | 
त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर शिकंजा, 893 किलो संदिग्ध खाद्य सामग्री नष्ट


जयपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। त्योहारों का सीजन शुरू होने से पहले राजस्थान में मिलावटखोरों पर शिकंजा कसना शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेन्द्र सिंह खींवसर के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘शुद्ध आहार–मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने प्रदेशभर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। एक ही दिन में 102 खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की गई और अलग-अलग खाद्य पदार्थों के 142 नमूने लिए गए। वहीं, प्रथम दृष्टया अमानक, बासी और स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए गए 893 किलो से अधिक खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

प्रमुख शासन सचिव (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) गायत्री राठौड़ ने बताया कि अभियान के तहत लिए गए 142 नमूनों में 92 प्रवर्तन और 50 निगरानी नमूने शामिल हैं। सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य केंद्रीय जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रयोगशाला की रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाए जाने पर नौ खाद्य कारोबारियों को सुधार नोटिस भी जारी किए गए।

जयपुर में अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा टीमों ने कई प्रतिष्ठानों से मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। जयपुर प्रथम की टीम ने बजाज नगर स्थित हनुमान मिष्ठान भंडार से मावा बर्फी, सिंधी कैंप स्थित होटल जय मंगल पैलेस से पनीर और एम.बी. स्वीट्स से गुलाब जामुन के नमूने लिए।

वहीं जयपुर द्वितीय की टीम ने आगरा रोड के बगराना क्षेत्र में बिना खाद्य लाइसेंस संचालित हो रहे मिठाई कारखाने पर कार्रवाई की। यहां करीब 300 किलो सोनपपड़ी नष्ट करवाई गई। बिना लाइसेंस कारोबार संचालित होने के कारण उच्चाधिकारियों के निर्देश पर मशीनों को अग्रिम आदेशों तक सील कर प्रतिष्ठान बंद करवाया गया।

सिरोही के पिंडवाड़ा में खाद्य सुरक्षा टीम ने भाग्य लक्ष्मी फर्म से काजू कतली और घी के नमूने लिए। जोधपुर मिष्ठान भंडार से सोनपपड़ी और फर्म सोना की मिष्ठान से दही-लस्सी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

टोंक जिले में डिग्गी मेले और त्योहारी सीजन को देखते हुए चौसला एवं डिग्गी नुक्कड़ स्थित दो प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। यहां खाद्य पदार्थों के नमूने लेने के साथ 11 लीटर एक्सपायर्ड रिफाइंड पाम ऑयल मौके पर ही नष्ट कराया गया। खैरथल-तिजारा में विजय डेयरी, सखी डेयरी, भगत जी मिष्ठान भंडार और जाहिद डेयरी सहित विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की गई। टीमों ने यहां कलाकंद, देसी घी, मिश्रित दूध, बर्फी और मावा के नमूने लिए।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला ने कहा कि त्योहारों के दौरान मिलावटखोरों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी स्तर पर खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने और केवल गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री बेचने के निर्देश दिए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित