home page

गौ-रक्षा के मुद्दे पर राजभवन तक निकाला जाएगा मार्च : खाचरियावास

 | 
गौ-रक्षा के मुद्दे पर राजभवन तक निकाला जाएगा मार्च : खाचरियावास


जयपुर, 03 मार्च (हि.स.)। प्रदेशभर में होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास के आवास पर भी बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे और उन्हें गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने केंद्र सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया।

खाचरियावास ने यूजीसी को लेकर भारतीय जनता पार्टी और केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पहले समाज को धर्म के नाम पर बांटने की कोशिश की गई और अब विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों के छात्रों के बीच टकराव की स्थिति पैदा की जा रही है। उन्होंने कहा कि छात्र बेरोजगारी और रोजगार के मुद्दों पर आंदोलन की तैयारी कर रहे थे, लेकिन यूजीसी के माध्यम से एससी-एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थियों के बीच विवाद खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि कॉलेजों में रैगिंग जैसी समस्याओं के लिए पहले से कानून मौजूद हैं,ऐसे में यूजीसी से कोई ठोस लाभ नहीं होगा। भाजपा को इससे राजनीतिक फायदा हो सकता है। लेकिन देश को नुकसान होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा न तो रोटी देती है और न रोजगार,बल्कि समाज में टकराव पैदा कर राजनीतिक लाभ लेना चाहती है।

ट्रेड डील को लेकर खाचरियावास ने कहा कि यह पूरी तरह विफल रही है। उनका आरोप था कि अमेरिका के सामने झुकने से भारत को कोई लाभ नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यदि अमेरिकी किसानों को शून्य प्रतिशत टैरिफ पर भारत में फसल भेजने की अनुमति मिलेगी और भारतीय किसानों को टैरिफ देना पड़ेगा तो इससे किसानों को नुकसान होगा। उन्होंने अमेरिका द्वारा ईरान पर हमले का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत को सतर्क रहने की जरूरत है और अपनी स्वतंत्र विदेश नीति पर कायम रहना चाहिए।

जयपुर में गौ-हत्या की घटना का जिक्र करते हुए खाचरियावास ने कहा कि दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस आंदोलन करेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि गौ-रक्षा के मुद्दे पर राजभवन तक मार्च निकाला जाएगा और पूरे प्रदेश में आंदोलन चलाया जाएगा। उन्होंने राज्य सरकार पर जनता और धर्म के साथ धोखा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा को सबक सिखाने के लिए सड़कों पर लंबी लड़ाई लड़ी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश