देशभर में 27 जुलाई को गूंजेगा गौ सम्मान का संकल्प
जयपुर, 12 जुलाई (हि.स.)। गौ माता को 'राष्ट्र माता' घोषित करने और देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर आगामी 27 जुलाई को देशव्यापी 'गौ सम्मान आह्वान अभियान' चलाया जाएगा। अभियान के तहत देश के सभी जिला मुख्यालयों पर गौ भक्त जिला कलेक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन सौंपेंगे। राजधानी जयपुर में भी हजारों गौ भक्त एकत्र होकर गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा देने की मांग के समर्थन में संकल्प लेंगे।
अभियान के दूसरे चरण की तैयारियों को लेकर रविवार को वैशाली नगर स्थित भारतीय गौ क्रांति मंच के प्रदेश कार्यालय में बैठक आयोजित की गई। बैठक में 27 जुलाई के कार्यक्रम, जनसंपर्क अभियान तथा हस्ताक्षर अभियान की रूपरेखा तय की गई। अभियान को व्यापक जन आंदोलन का स्वरूप देने के लिए संत-महात्माओं, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों, गौशाला संचालकों तथा युवाओं को जोड़ने का निर्णय लिया गया। बैठक में उपस्थित गौ भक्तों ने मांग पूरी होने तक अभियान को निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए गौ ऋषि प्रकाश दास महाराज ने कहा कि गौ माता केवल आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि भारतीय कृषि, पर्यावरण, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से गौ माता को राष्ट्र माता तथा राजस्थान सरकार से राज्य माता का दर्जा देने के साथ देशभर में गोहत्या पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने की मांग की।
भारतीय गौ क्रांति मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष ताराचंद कोठारी ने बताया कि 27 जुलाई को जयपुर के मानसरोवर स्थित वीटी रोड मैदान में हजारों गौ भक्तों का महासंगम होगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य नीति-निर्माताओं को गौ संरक्षण के पक्ष में ठोस निर्णय लेने के लिए प्रेरित करना है। इस अवसर पर गौ महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सामूहिक आहुतियां दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में देशी नस्ल के गौवंश की वैज्ञानिक उपयोगिता, प्राकृतिक खेती और ग्रामीण जीवन में उसके योगदान पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। विभिन्न गौशालाओं के प्रतिनिधि गौ संरक्षण एवं संवर्धन के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देंगे। श्रद्धालुओं को गाय के दूध, छाछ, दही, लस्सी और मक्खन का प्रसाद भी वितरित किया जाएगा।
बैठक में गौ ऋषि प्रकाश दास महाराज, भारतीय गौ क्रांति मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष ताराचंद कोठारी, महाराज पवन दास, गौ सेवक सुगंजी शर्मा, आशीष मीणा, विनोद यादव, सांगानेर तहसील प्रभारी भानु गौतम, अनीता शर्मा, सुजाता शर्मा सहित अनेक गौ सेवक उपस्थित रहे।
इस बीच अभियान के तहत जयपुर के आराध्य ठाकुर श्री गोविंद देवजी मंदिर परिसर में चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को श्रद्धालुओं का व्यापक समर्थन मिला। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर अभियान से जुड़ने का संकल्प व्यक्त किया। मंच के पदाधिकारियों ने आमजन से 27 जुलाई को आयोजित देशव्यापी अभियान में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

