home page

देश का लोकतंत्र आईसीयू में है ,सजग नागरिक ही इसे बचा सकते हैं: प्रशान्त भूषण

 | 
देश का लोकतंत्र आईसीयू में है ,सजग नागरिक ही इसे बचा सकते हैं: प्रशान्त भूषण




अजमेर, 2 मई (हि.स.)। सुप्रसिद्ध कानूनविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता प्रशांत भूषण ने कहा कि देश में आज संसद,न्यायपालिका, चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं, प्रेस जैसी संविदानेत्तर संस्थाओं के साथ साथ देश का सम्पूर्ण लोकतंत्र ही कमोबेश आई.सी.यू. में है। उन्होंने कहा भारत में लोकतंत्र का भविष्य तभी सुरक्षित रह सकता है जब देश की संवैधानिक संस्थाएं स्वतंत्र और निष्पक्ष बनी रहें तथा नागरिक अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहें। वे अजमेर स्थित अजयमेरू प्रेस क्लब के सभागार में प्रेस क्लब व पी.यू.सी.एल. के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “भारत में लोकतंत्र का भविष्य” विषयक संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक संगठनों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, शिक्षाविदों और युवाओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

अपने उद्बोधन में प्रशांत भूषण ने कहा कि लोकतंत्र केवल चुनावों तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, न्यायपालिका की निष्पक्षता, मीडिया की स्वतंत्रता और नागरिक अधिकारों की सुरक्षा पर आधारित व्यवस्था है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि संस्थाओं पर दबाव बढ़ता है और असहमति की आवाजों को कमजोर किया जाता है तो लोकतंत्र की जड़ें प्रभावित होती हैं। उन्होंने युवाओं से संविधान की मूल भावना को समझने और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि देश के नागरिकों को यह समझना होगा कि लोकतंत्र में सरकारें जनता के प्रति जवाबदेह होती हैं। यदि जनता सवाल पूछना बंद कर दे तो लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर पड़ जाती है। उन्होंने यह भी कहा कि स्वतंत्र मीडिया और मजबूत न्यायपालिका किसी भी लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत होती है तथा इन संस्थाओं को निष्पक्ष बनाए रखना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

संगोष्ठी के दौरान उपस्थित श्रोताओं ने भी प्रश्न पूछे और लोकतंत्र, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा संस्थाओं की भूमिका को लेकर चर्चा में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन पीयूसीएल के राज्य अध्यक्ष अनन्त भटनागर तथा प्रेस क्लब के उपाध्यक्ष प्रताप सनकत द्वारा किया गया भटनागर द्वारा प्रशान्त भूषण के जीवन पर प्रकाश डाला गया। अंत में सभी वक्ताओं और उपस्थित नागरिकों का महासचिव चन्द्रप्रकाश कटारिया ने आभार व्यक्त किया । आरम्भ में प्रेस क्लब के अध्यक्ष डा. रमेश अग्रवाल नें विषय प्रवर्तन करते हुए आगन्तुकों का स्वागत किया।

कार्यक्रम में पद्मश्री सीपी देवल, पूर्व जिला प्रमुख एडवोकेट सत्य किशोर सक्सेना, पूर्व विधायक डॉक्टर श्री गोपाल बाहेती, मनरेगा लोकपाल सुरेश सिंधी, पीयूसीएल की राष्ट्रीय अध्यक्ष कविता भटनागर सहित अनेक प्रमुख लोग मौजूद थे। क्लब की ओर से पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र गुंजल ने माल्यार्पण कर प्रशांत भूषण का अभिनन्दन किया ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष