home page

सीवर में दम घुटने से दो सफाई कर्मियों की मौत के मामले में निगम ने गठित की कमेटी

 | 
सीवर में दम घुटने से दो सफाई कर्मियों की मौत के मामले में निगम ने गठित की कमेटी


जयपुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। सीवर चैम्बर में जहरीली गैस से दम घुटने से दो सफाई कर्मचारियों की मौत के मामले में नगर निगम ने जांच कमेटी गठित कर दी है। इस कमेटी में अतिरिक्त आयुक्त समेत 6 अधिकारियों को शामिल किया गया है। यह कमेटी 7 दिन में जांच कर रिपोर्ट अतिरिक्त आयुक्त मुख्यालय निगम को सौंपेगी।

इस कमेटी में अतिरिक्त आयुक्त सैकंड प्रवीण कुमार, उपायुक्त स्वास्थ्य ओम थानवी, उपायुक्त झोटवाड़ा मनीषा यादव, अधीक्षण अभियंता (सीवर) चरण सिंह मीणा, अधीक्षण अभियंता दिनेश चंद गुप्ता और अधिशाषी अभियंता (गैराज) गोपाल मूण्ड को रखा है।

गौरतलब है कि 17 अप्रेल को झोटवाड़ा जोन के वार्ड 24 में सीवर चैम्बर की सफाई के लिए दो कर्मचारियों को उसमें उतारा था। इस दौरान वहां जहरीली गैस से दोनों कर्मचारियों का दम घुट गया और वह वहीं बेहोश हो गए। जिनको बाद में उपचार के लिए कांवटिया हॉस्पिटल लेकर गए और डॉक्टरों ने कुछ देर तक उन्हें सीपीआर देकर इलाज किया, लेकिन आखिर में दोनों कर्मचारियों ने दम तोड़ दिया था। इस घटना के बाद सफाई कर्मचारी यूनियन ने विरोध प्रदर्शन कर देर रात तक कावंटिया हॉस्पिटल के बाहर डेडबॉडी रखकर धरना दिया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश