home page

उत्तर पश्चिम रेलवे : बाड़मेर-जैसलमेर में नई पिट लाइनों का निर्माण

 | 
उत्तर पश्चिम रेलवे : बाड़मेर-जैसलमेर में नई पिट लाइनों का निर्माण


रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को किया सशक्त, जोधपुर मंडल को मिलेगी नई रफ्तार

जोधपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा रेल परिचालन क्षमता बढ़ाने के मिशन के तहत सीमावर्ती जिले बाड़मेर और जैसलमेर में रखरखाव सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इन दोनों स्टेशनों पर नई पिट लाइनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जिससे जोधपुर मंडल को सुगम रेल संचालन की दृष्टि से सीधा लाभ मिलेगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि ट्रेनों के समयबद्ध संचालन के लिए रखरखाव क्षमता का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। इसी दिशा में मिशन मोड में कार्य करते हुए विभिन्न स्टेशनों पर नई पिट लाइनों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत बाड़मेर में एक और जैसलमेर में दो नई पिट लाइनों के निर्माण से अब ट्रेनों का प्राथमिक रखरखाव स्थानीय स्तर पर ही संभव हो सकेगा। इससे जोधपुर पर निर्भरता कम होगी और मंडल में मेंटेनेंस कार्य अधिक सुचारु रूप से हो पाएगा।

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि नई पिट लाइनों के शुरू होने से ट्रेनों के टर्नअराउंड टाइम में कमी आएगी, जिससे रेक का बेहतर उपयोग संभव होगा। साथ ही, बाड़मेर और जैसलमेर से नई ट्रेनों के संचालन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी, जो सीमावर्ती क्षेत्रों की कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी। उन्होंने बताया कि यह पहल जैसलमेर के पर्यटन और बाड़मेर क्षेत्र के विकास को भी गति देगी, वहीं सामरिक दृष्टि से भी यह महत्वपूर्ण साबित होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश