home page

गयारह हजार अमृत पोषण वाटिकाओं का होगा निर्माण: पटेल

 | 
गयारह हजार अमृत पोषण वाटिकाओं का होगा निर्माण: पटेल


जोधपुर, 11 अप्रैल (हि.स.)। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा पोषण पखवाड़ा जिला स्तरीय कार्यक्रम शनिवार को मारवाड़ इंटरनेशनल सेंटर में संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। पोषण पखवाड़ा 23 अप्रैल तक पूरे देश में मनाया जा रहा है।

इस दौरान पटेल ने कहा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार बाल कल्याण और नारीशक्ति के उत्थान के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों के समग्र विकास तथा खेल आधारित शिक्षा के लिए लगभग 323 करोड़ रूपये की लागत से खेल सामग्री एवं जादुई पिटारा उपलब्ध करवाया जाएगा। महिला स्वयं सहायता समूह के आजीविका संवद्र्धन की दृष्टि से लगभग 500 करोड़ रूपये की लागत से 11 हजार अमृत पोषण वाटिकाओं का निर्माण करवाया जाएगा।

पटेल ने कहा बजट घोषणा के अनुरूप राजस्थान स्टेट अर्ली चाइल्डहुड केयर डेवलपमेंट एंड एजुकेशन पॉलिसी लाई जाएगी। उन्होंने कहा 11 हजार 924 आंगनबाडिय़ों में मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण सम्बन्धी कार्यों के लिए 246 करोड़ रुपये की लागत से मरम्मत कार्य करवाये जा रहे है। संसदीय कार्य मंत्री ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से मातृशक्ति को लोकसभा एवं राज्यों की विधानसभाओं में 33 फ़ीसदी आरक्षण से राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया गया है। विधि मंत्री ने कहा मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट योजना के तहत गर्भवती महिलाओं की पोषण सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।

कार्यक्रम में विधि मंत्री ने 20 महिलाओं को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका के पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किए। साथ ही दो महिलाओं को यूनिफार्म के लिए और एक लाभार्थी को पीएम मातृ वंदना के तहत चेक का वितरण किया गया। पटेल ने 8वां पोषण पखवाड़ा के पोस्टर का विमोचन किया। उन्होंने 5 लाभार्थियों को सुपोषण न्यूट्री किट का भी वितरण किया। कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा, उपखंड अधिकारी लूणी हसमुख कुमार, उप निदेशक (आईसीडीएस) रावतराम, सीडीपीओ निम्बाराम हुड्डा, छोटू सिंह राठौड़, खींवराज जांगिड़ सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश