home page

संविधान गौरव दिवस 26 नवंबर को भाजपा प्रदेश भर में चलाएगी जन जागरूकता अभियान: कैलाश मेघवाल

 | 
संविधान गौरव दिवस 26 नवंबर को भाजपा प्रदेश भर में चलाएगी जन जागरूकता अभियान: कैलाश मेघवाल


जयपुर, 23 नवंबर (हि.स.)। संविधान गौरव दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी 26 नवंबर को जयपुर स्थित कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में दोपहर 2:30 बजे संगोष्ठी आयोजित करेगी। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बतौर अतिथि शिरकत करेंगे। इस संगोष्ठी में भारतीय संविधान, बाबा साहब के विचारों, सामाजिक समरसता और संवैधानिक मूल्यों पर विचार व्यक्त किए जाएंगे। भाजपा के प्रदेश महामंत्री प्रो. कैलाश मेघवाल ने बताया कि संविधान गौरव दिवस के अवसर पर भाजपा प्रदेश के साथ जिला स्तर पर भी जन जागरूकता अभियान चलाएगी। इसके साथ ही 26 से 29 नवंबर तक प्रदेशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान एवं संविधान के महत्व को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

भाजपा के प्रदेश महामंत्री मेघवाल ने बताया कि संविधान गौरव दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षा विभाग के द्वारा विशेष प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी। इन प्रदर्शनियों में बाबा साहब के जीवन, संविधान निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका, देश के प्रति उनके योगदान तथा संविधान में निहित अधिकारों एवं कर्तव्यों की जानकारी विद्यार्थियों को दी जाएगी। इसका उद्देश्य युवाओं में संवैधानिक जागरूकता, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित करना है। उन्होंने बताया कि इन आयोजनों के माध्यम से बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ नागरिकों को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

भाजपा प्रदेश महामंत्री प्रो. कैलाश मेघवाल ने कहा कि दुर्भाग्यपूर्ण है कि देश पर लगभग पांच दशक तक शासन करने वाली कांग्रेस ने ना तो संविधान दिवस को और ना ही बाबा साहब को उचित सम्मान दिया। आज कांग्रेस संविधान और आरक्षण को लेकर भाजपा पर आरोप लगाती है, जबकि इतिहास में कांग्रेस का रवैया इसके विपरीत रहा है। जून 1961 में तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने मुख्यमंत्रियों को पत्र लिखकर आरक्षण समाप्त करने की बात रखी थी। उस समय कुछ मुख्यमंत्रियों ने सामाजिक एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्गों की स्थिति को देखते हुए आरक्षण समाप्त करने का विरोध किया था। उन्होंने कहा कि बाबा साहब को संविधान सभा में पहुंचने के लिए बंगाल से चुनाव लड़ना पड़ा था। विभाजन के बाद जिस क्षेत्र से वे संविधान सभा के सदस्य निर्वाचित हुए थे, उसे पाकिस्तान को देना और उनकी सदस्यता प्रभावित करने का काम भी कांग्रेस ने किया था। बाबा साहब के संविधान सभा में योगदान को रोकने के लिए कांग्रेस ने राजनीतिक षड्यंत्र किए और उनके साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार किया। इतना ही नहीं, वर्ष 1952 के लोकसभा चुनाव में बाबा साहब को पराजित करने के लिए कांग्रेस ने पूरी ताकत लगा दी थी। 1954 के उपचुनाव में भी कांग्रेस ने उन्हें हराने के लिए अपनी राजनीतिक शक्ति का इस्तेमाल करते हुए करीबन 74 हजार मत रद्द कर दिए थे।

मेघवाल ने बताया कि बाबा साहब का उद्देश्य गरीबों, दलितों, पिछड़े वर्गों, महिलाओं, किसानों और वंचितों के कल्याण के लिए कानून बनाना था, लेकिन कांग्रेस ने उनके राजनीतिक संघर्ष को कमजोर करने का प्रयास किया था। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के निधन के बाद उनके अंतिम संस्कार और स्मृति से जुड़े विषयों पर भी कांग्रेस सरकार का रवैया दुर्भाग्यपूर्ण रहा। दिल्ली में उनका अंतिम संस्कार नहीं होने दिया गया और उनका पार्थिव शरीर मुंबई ले जाकर अंतिम संस्कार किया गया। बाबा साहब के सम्मान में स्मारक निर्माण और उनके योगदान को उचित मान्यता देने में भी कांग्रेस ने उदासीनता दिखाई। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने की घोषणा कर संविधान निर्माण में बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को सम्मान देने, नागरिकों में संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संविधान के प्रति सम्मान का भाव मजबूत करने का महत्वपूर्ण कार्य किया। इसके साथ ही मोदी जी ने बाबा साहब से जुड़े पंचतीर्थ को भी विकसित करने का ऐतिहासिक काम किया है। बाबा साहब के प्रति श्रद्धा रखने वाले प्रत्येक व्यक्ति को उनके विचारों, सामाजिक न्याय के सिद्धांतों और संविधान के प्रति सम्मान को अपने जीवन में अपनाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश