home page

मेहनत और उत्कृष्ट कार्य का सम्मान: जयपुर पुलिस के छह जवान बने कांस्टेबल ऑफ द मंथ

 | 
मेहनत और उत्कृष्ट कार्य का सम्मान: जयपुर पुलिस के छह जवान बने कांस्टेबल ऑफ द मंथ


जयपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने मंगलवार को पुलिस कमिश्नरेट में आयोजित समारोह में उत्कृष्ट कार्य, मेहनत, लगन और समर्पण का परिचय देने वाले छह पुलिसकर्मियों को जून 2026 के ‘कांस्टेबल ऑफ द मंथ’ पुरस्कार से सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि जयपुर पुलिस का ध्येय ‘आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय’ की भावना को साकार करना है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे अधिक समर्पण के साथ जनसेवा के लिए प्रेरित होंगे।

पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि जिला पूर्व से बजाज नगर थाने के कांस्टेबल नाहर सिंह को वर्षों से लंबित 220 जब्त माल एवं वाहनों के निस्तारण तथा 87 प्रकरणों में चार्जशीट और एफआर न्यायालय में पेश कराने के लिए सम्मानित किया गया।

जिला पश्चिम से दौलतपुरा थाने के कांस्टेबल भैरू राम को खुफिया सूचना और सीसीटीवी फुटेज के गहन विश्लेषण के आधार पर इनामी अपराधी कमलेश सैनी की पहचान कर गिरफ्तारी में अहम भूमिका निभाने पर पुरस्कार मिला।

जिला उत्तर से विद्याधर नगर थाने के कांस्टेबल दिनेश कुमार को 15 माह से फरार हत्या के इनामी आरोपित लक्ष्मी देवी को बेंगलुरु से गिरफ्तार कराने तथा भूत-प्रेत का भय दिखाकर लाखों की ठगी करने वाले इनामी आरोपित अंबिका प्रसाद की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर सम्मानित किया गया।

जिला दक्षिण से मुहाना थाने के कांस्टेबल मानवेन्द्र सिंह को हत्या, दुष्कर्म, पॉक्सो, अवैध हथियार और मादक पदार्थ तस्करी जैसे गंभीर मामलों के आरोपिताें की गिरफ्तारी के साथ 11 समन और आठ वारंटों का सफल निस्तारण करने के लिए सम्मानित किया गया।

यातायात पूर्व के कांस्टेबल हरफूल को एमजीडी स्लिप लेन से रामबाग चौराहे तक अत्यधिक यातायात दबाव वाले क्षेत्र में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बावजूद कुशल यातायात प्रबंधन कर आमजन को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के लिए सम्मानित किया गया।

वहीं अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर (यातायात एवं प्रशासन) कार्यालय में कार्यरत कांस्टेबल दातार सिंह को कार्यालय से जुड़े ई-मेल, पत्राचार और कानून-व्यवस्था संबंधी दायित्वों का समयबद्ध एवं दक्षता से निर्वहन करने पर ‘कांस्टेबल ऑफ द मंथ’ अवार्ड प्रदान किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश