पायलट पर टिप्पणी के विरोध में कांग्रेसियों का प्रदर्शन, भाजपा नेता का पुतला फूंका
जयपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा नेता राधामोहन दास द्वारा कांग्रेस महासचिव और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बुधवार को अजमेर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्व में पायलट समर्थक कांग्रेसी गांधी भवन पर एकत्रित हुए, जहां भाजपा नेता के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने बीच सड़क पर धरना देकर भाजपा नेता से सचिन पायलट से सार्वजनिक माफी मांगने की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि माफी नहीं मांगी गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में कांग्रेस नेता महेंद्र सिंह रलावता, नसीराबाद विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी रहे शिव प्रकाश गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन ने कहा कि भाजपा के राजस्थान प्रभारी राधामोहन दास ने अपनी भाषा की मर्यादा तोड़ी है और सचिन पायलट के खिलाफ की गई टिप्पणी से पूरे राजस्थान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश है।
उन्होंने मांग की कि भाजपा नेता तत्काल अपने बयान वापस लें और माफी मांगें।
इस दौरान शहर कांग्रेस संगठन के भीतर भी मतभेद सामने आए। अजमेर शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए, जिस पर विजय जैन ने नाराजगी जताई। विजय जैन ने कहा कि सचिन पायलट जैसे वरिष्ठ नेता के सम्मान में पार्टी पदाधिकारियों को सड़कों पर उतरना चाहिए था और इस मुद्दे पर निष्क्रियता राजनीतिक रूप से नुकसानदायक साबित हो सकती है।
वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने सफाई देते हुए कहा कि वह वर्तमान में जयपुर में हैं और उन्हें कार्यक्रम की पूर्व सूचना नहीं थी।
उन्होंने कहा कि पार्टी में अनुशासन आवश्यक है और शहर में कांग्रेस के आधिकारिक कार्यक्रम संगठनात्मक प्रक्रिया के तहत ही होने चाहिए। साथ ही उन्होंने भी सचिन पायलट पर की गई टिप्पणी की निंदा की।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि यदि भाजपा नेता द्वारा माफी नहीं मांगी गई तो विरोध प्रदर्शन को व्यापक स्तर पर जारी रखा जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

