कांग्रेस की बागी महिला प्रदेश महासचिव ने थामा आरएलपी का दामन
जोधपुर, 31 अगस्त (हि.स.)। टिकट नहीं मिलने से नाराज चल रही राजस्थान महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव डॉ. अनीता परिहार ने कांग्रेस छोडक़र राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) का दामन थाम लिया है और आरएलपी के सिंबल पर अपना नामांकन दाखिल किया है।
नगर निगम चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की आधिकारिक सूची जारी होने से पहले उनका एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उन्होंने वार्ड 99 और 100 से पूर्व महापौर कुंती देवड़ा और उनके भाई मयंक देवड़ा को टिकट देने की संभावना पर नाराजगी जताई थी और पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाए थे। परिहार वीडियो में कहा था कि हम मूर्ख कार्यकर्ता हैं, जो पार्टी के कहने पर दिल्ली-जयपुर जाते हैं। जब हमारी बारी आती है तो नेताओं के रिश्तेदार आगे आ जाते हैं। डोटासरा कहते हैं कि वार्ड के व्यक्ति को ही टिकट मिलेगा, लेकिन यहां तो 20-20 किलोमीटर दूर से लोग दावेदारी कर रहे हैं। हालांकि कांग्रेस पार्टी की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

