home page

अजमेरवासियों के स्वास्थ्य के लिए 24 जुलाई को अजमेर बंद कराएगी कांग्रेस- जयपाल

 | 
अजमेरवासियों के स्वास्थ्य के लिए 24 जुलाई को अजमेर बंद कराएगी कांग्रेस- जयपाल


अजमेर, 18 जुलाई(हि.स.)। आनासागर झील की बदहाल स्थिति, फैली दुर्गंध और जनस्वास्थ्य पर मंडरा रहे खतरे को लेकर अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर 24 जुलाई को अजमेर बंद किया जाएगा। यह निर्णय शनिवार को कांग्रेस शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में हुई बैठक में किया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय किया गया कि जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा जिला प्रशासन को आनासागर की सफाई, झील से उठ रही दुर्गंध को समाप्त करने तथा इस संबंध में आवश्यक सभी कार्य पूरे करने का अभी तक समय रहते पालन नहीं किया है, इसलिए 24 जुलाई (शुक्रवार) को अजमेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में अजमेर बंद का आह्वान किया गया है।

शहर अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने कहा कि आनासागर की दुर्दशा और प्रशासन की उदासीनता के कारण पूरे शहर में महामारी फैलने का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। प्रशासन को कई बार चेताने के बावजूद भी समय पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है।

बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन फिर भी निष्क्रिय रहा तो कांग्रेस आंदोलन को और अधिक व्यापक एवं उग्र रूप देगी, जिसकी समस्त जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी।

बैठक के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने शहर के सभी सामाजिक संगठनों, व्यापारिक एसोसिएशनों, स्वयंसेवी संस्थाओं (एनजीओ), विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं तथा अजमेर के प्रबुद्ध नागरिकों से संपर्क कर 24 जुलाई को प्रस्तावित अजमेर बंद को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की। उन्होंने सभी नागरिकों से शहरहित को सर्वोपरि रखते हुए एकजुट होकर कांग्रेस के इस जनआंदोलन को अपना समर्थन और सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया।

बैठक में अध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल ने स्पष्ट किया कि प्रस्तावित अजमेर बंद के दौरान जनहित और मानव सेवा से जुड़ी सभी आवश्यक सेवाओं को पूर्ण रूप से बंद से मुक्त रखा जाएगा। चिकित्सालय, मेडिकल स्टोर, एंबुलेंस सेवाएं तथा अन्य आवश्यक सेवाएं सामान्य रूप से संचालित रहेंगी, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का उद्देश्य आम नागरिकों को परेशानी में डालना नहीं, बल्कि प्रशासन को उसकी जिम्मेदारियों का एहसास कराना और अजमेर को संभावित महामारी तथा आने वाले गंभीर स्वास्थ्य संकट से बचाना है।

बैठक महेन्द्र चौधरी, अमित गर्ग, कमल वर्मा, गजेंद्र सिंह रलावता, विवेक पाराशर, नौरत गुर्जर, नवीन कच्छावा, चंद्रशेखर बालोटिया, ईश्वर टहलयानी, प्रमोद शर्मा, डॉ ईश्वर राजोरिया, हेमंत जोधा, अनिल खंडेलवाल, गीता गुर्जर, अनीता रावत, नितिन जैन, योगेश जाटोलिया, मुख्तियार अहमद नवाब, हेमराज खारोलिया, हरपाल छाबड़ा, मुकेश देनवाल, परवेज खान, चंदू पालीवाल, सुमित मित्तल, चंद्रेश सुनिया आदि उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष