home page

निकाय चुनाव में पुलिस की भूमिका पर कांग्रेस ने डीजीपी को सौंपा ज्ञापन

 | 
निकाय चुनाव में पुलिस की भूमिका पर कांग्रेस ने डीजीपी को सौंपा ज्ञापन


जयपुर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। स्थानीय निकाय चुनाव में पुलिस अधिकारियों की कथित भूमिका की जांच और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने सोमवार को पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने आगामी पंचायत चुनाव में पुलिस को निष्पक्ष होकर कानून व्यवस्था बनाए रखने की मांग की। डीजीपी ने प्रतिनिधिमंडल को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

डोटासरा ने मुलाकात के बाद कहा कि निकाय चुनाव में पुलिस की भूमिका से जुड़े मामलों के प्रमाणों के साथ डीजीपी को ज्ञापन दिया गया है और प्रत्येक मामले पर चर्चा की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव में पुलिस के जरिए पार्षदों पर दबाव बनाया गया तथा कई स्थानों पर पुलिस अधिकारी पार्षदों की बाड़ेबंदी तक पहुंचे। डोटासरा ने कहा कि पंचायत चुनाव में भी यदि ऐसा ही रवैया रहा तो स्थिति गंभीर हो सकती है और इसकी जिम्मेदारी पुलिस महानिदेशक की होगी।

डोटासरा ने हाल में हुए कुछ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के तबादलों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के दबाव में काम नहीं करने वाले अधिकारियों को हटाया गया। खाटूश्यामजी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि वहां पुलिस अधीक्षक, उपाधीक्षक, उपखंड अधिकारी और थाना प्रभारी तक बदले गए। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री कार्यालय से लगातार निगरानी की जा रही थी और निकाय चुनाव के दौरान पुलिस-प्रशासन पर राजनीतिक दबाव बनाया गया।

डोटासरा ने आरोप लगाया कि पंचायत चुनाव के संभावित दावेदारों को भी धमकियां दी जा रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों को चुनाव लड़ने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी जा रही है। परिवार में सरकारी कर्मचारी होने पर तबादले और व्यापारी होने पर कारोबार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दिए जाने का भी उन्होंने आरोप लगाया।

डोटासरा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने दावा किया कि निकाय चुनाव में कथित घटनाओं को लेकर प्रदेश में आक्रोश है और पंचायत चुनाव में जनता इसका जवाब देगी। उन्होंने पंचायत चुनाव चार चरणों में कराने को लेकर भी सवाल उठाए और चुनाव प्रक्रिया में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की। राजस्थान में पंचायत चुनाव चार चरणों में होने हैं।

नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि निकाय चुनाव में जिस पुलिस का काम कानून व्यवस्था बनाए रखना था, उसका इस्तेमाल पार्षदों को पकड़ने और दबाव बनाने के लिए किया गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इससे जुड़े प्रमाण डीजीपी को सौंपे हैं। जूली ने पुलिस की भूमिका की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठना गंभीर विषय है।

डोटासरा और जूली ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव में पुलिस अधिकारियों को राजनीतिक दबाव से दूर रहकर कानून के अनुसार काम करना चाहिए। डीजीपी ने प्रतिनिधिमंडल को पुलिस अधिकारियों को राजनीति से दूर रहने और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी निष्पक्ष रूप से निभाने के संबंध में उचित निर्देश देने का आश्वासन दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश