home page

भाजपा प्रदेश प्रभारी अग्रवाल के बयान के विरोध में अजमेर में कांग्रेस का प्रदर्शन

 | 
भाजपा प्रदेश प्रभारी अग्रवाल के बयान के विरोध में अजमेर में कांग्रेस का प्रदर्शन




अजमेर, 29 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन अग्रवाल द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सचिन पायलट पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में बुधवार को अजमेर में पायलट समर्थक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन चौराहे पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने अग्रवाल का पुतला दहन कर उससे पहले पिटाई कर आक्रोश जताया।

प्रदर्शन पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष विजय जैन के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें महेंद्र सिंह रलावता सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पायलट के समर्थन में आवाज बुलंद की। प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने पायलट को जनप्रिय और जमीनी नेता बताते हुए कहा कि उन्होंने सांसद और केंद्रीय मंत्री रहते हुए अजमेर क्षेत्र में कई विकास कार्य कराए हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की टिप्पणी न केवल पायलट बल्कि प्रदेश की जनता का भी अपमान है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि इस तरह की बयानबाजी पर रोक नहीं लगाई गई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

इस बीच प्रदर्शन में कांग्रेस के अन्य गुटों की अनुपस्थिति भी चर्चा का विषय रही। कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष डॉ. राजकुमार जयपाल सहित गहलोत समर्थक कार्यकर्ता शामिल नहीं हुए, जिससे पार्टी की अंदरूनी खींचतान सामने आई। हालांकि डॉ. राजकुमार जयपाल ने अलग से बयान जारी कर अग्रवाल की टिप्पणी को अशोभनीय बताया और इसकी निंदा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा राजनीतिक मर्यादा के विपरीत है तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंचाती है। उन्होंने संबंधित नेता से सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए कहा कि राजनीतिक दलों को अपने पदाधिकारियों के आचरण पर नियंत्रण रखना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष