किसी एक वर्ग की नहीं बल्कि 36 काैम की है कांग्रेस पार्टी
बीकानेर, 05 अक्टूबर (हि.स.)। बीकानेर नगर निकाय चुनाव में मेयर व डिप्टी मेयर के लिये हुई क्रॉस वोटिंग का मामला अब ज्यादा ही तूल पकड़ता जा रहा है। दोनों ही दलों के हारे हुए प्रत्याशी अपने ही पार्षदों की परतें उतारने में लगे है। तो वहीं इस मामले में अपना नाम जबरन घसीटने को लेकर कांग्रेसी पार्षद मनोज बिश्नाेई ने सोमवार को सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि कांग्रेस पार्टी के जो लोग आज समाज के नाम पर नेतागिरी कर रहे है। वो अपने ही कांग्रेसी पार्षद प्रत्याशियों को हराने में लगे थे। इतना ही नहीं कई वार्डों में अल्पसंख्यक समाज के लोग पार्टी प्रत्याशी के सामने खड़े रहे। उनको बैठाने में समाज कहां चला गया था। किसी कमजोर वर्ग के अल्पसंख्यक समाज के लोगों के साथ परेशानी में ये नेता कहां थे। ये पार्टी किसी एक वर्ग की नहीं बल्कि 36 काैम की है। इस प्रकार बिना प्रमाण के एक दूसरे के उपर आरोप-प्रत्यारोप लगाना कांग्रेस को कमजोर करने की हरकत है।
विश्नोई ने कहा कि चुनाव परिणाम को लेकर चल रही राजनीतिक बहस को व्यक्तिगत आरोपों तक सीमित करने के बजाय पूरे घटनाक्रम को संगठनात्मक दृष्टि से देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी एक पार्षद को निशाना बनाकर चुनावी परिणाम की पूरी जिम्मेदारी उस पर डाल देना उचित नहीं है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजीव

