home page

कांग्रेस निगम चुनाव में युवाओं को देगी अधिकांश टिकट

 | 
कांग्रेस निगम चुनाव में युवाओं को देगी अधिकांश टिकट


जोधपुर, 30 जुलाई (हि.स.)। जोधपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी ने गुरुवार को आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर युवाओं के साथ चुनावी अभियान का आगाज़ किया। इस अवसर पर कांग्रेस के शहर कार्यालय में बैठक आयोजित की गई जिसमें एनएसयूआई, यूथ कांग्रेस तथा कांग्रेस के विभिन्न अग्रिम संगठनों एवं विभागों से जुड़े बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ. संजय गौड ने बताया कि शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ओमकार वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में आगामी नगर निगम चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए, जिन्हें चुनावी रणनीति में शामिल कर प्रभावी रूप से लागू करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में यह संकल्प भी लिया गया कि कांग्रेस अधिक से अधिक सीटों पर विजय प्राप्त कर नगर निगम में अपना बोर्ड बनाएगी। बैठक में यह भी बताया गया कि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार इस बार अधिक से अधिक युवाओं को चुनाव में टिकट दिए जाएंगे।

नेताओं ने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी नगर निगम चुनाव में युवाओं की व्यापक भागीदारी देखने को मिलेगी और वर्तमान सरकार से नाराज़ युवा वर्ग कांग्रेस के पक्ष में मतदान कर नगर निगम में कांग्रेस का बोर्ड बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक को पूर्व राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह सोलंकी, रमेश बोराणा, नरेश जोशी, शहजाद खान, योगेश गहलोत, मनीष आचार्य, खेमराज नवल, तीर्थराज कला, विनोद चौहान, नरेंद्र शर्मा, दिनेश जोशी, बबलू सोलंकी, हेमंत शर्मा, मोहम्मद साबिर, योगेश कच्छवाहा, डॉ. शैलजा परिहार, इदू खान मेहर ने संबोधित किया। कार्यक्रम के अंत में मनीष लोढ़ा ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश