बहुमत कांग्रेस का, लेकिन प्रधान की चाबी विपक्ष के पास!
राजसमंद, 21 नवंबर (हि.स.)। चुनाव में बहुमत मिलना किसी भी राजनीतिक दल के लिए सत्ता की गारंटी माना जाता है, लेकिन राजसमंद जिले की देलवाड़ा पंचायत समिति में चुनाव परिणाम ने इस सामान्य राजनीतिक गणित को उलझा दिया है। यहां 15 में से 9 सीटें जीतकर कांग्रेस स्पष्ट बहुमत में है, भाजपा को 5 और आरएलपी को एक सीट मिली है। इसके बावजूद कांग्रेस के सामने प्रधान बनाने की चुनौती खड़ी हो गई है।
दरअसल, देलवाड़ा पंचायत समिति में प्रधान का पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित है। कांग्रेस के खाते में आई नौ सीटों में एक भी विजेता अनुसूचित जाति वर्ग की महिला नहीं है। ऐसे में बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस के पास प्रधान पद के लिए अपना उम्मीदवार ही मौजूद नहीं है। कांग्रेस की ओर से प्रधान पद की दावेदार मानी जा रही वार्ड-6 की प्रत्याशी वंदना भी चुनाव हार गईं।
चुनावी नतीजों में अनुसूचित जाति वर्ग की महिला के रूप में भाजपा की रानी देवी खटीक और आरएलपी की कृष्णा ने जीत दर्ज की है। यानी प्रधान पद के लिए आरक्षित वर्ग की विजेता महिला सदस्य कांग्रेस के खेमे में नहीं है।
यही वजह है कि अब 9 सदस्यों का स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस को प्रधान पद के चुनाव में राजनीतिक जोड़तोड़ का सामना करना पड़ सकता है।
कांग्रेस के लिए सबसे महत्वपूर्ण कड़ी आरएलपी की विजयी सदस्य कृष्णा बन गई हैं। यदि कांग्रेस को प्रधान पद हासिल करना है तो उसके लिए कृष्णा का समर्थन निर्णायक साबित हो सकता है। दूसरी ओर भाजपा के पास भी पांच सदस्य हैं और उसके पास एससी महिला विजेता रानी देवी खटीक मौजूद हैं। ऐसे में प्रधान पद का मुकाबला महज बहुमत का नहीं, बल्कि सही वर्ग की महिला सदस्य के समर्थन का चुनाव बन गया है।
आरएलपी की कृष्णा पत्नी रामेश्वर देलवाड़ा पंचायत समिति के वार्ड-9 से चुनाव जीती हैं। वह नाथद्वारा तहसील की ग्राम पंचायत सालौर के धोली मंगरी और मोगाना गांव की निवासी हैं तथा अनुसूचित जाति वर्ग से आती हैं। खास बात यह है कि वार्ड-9 सामान्य महिला के लिए आरक्षित था। कृष्णा ने यहां से जीत दर्ज की, लेकिन अब उनकी जीत का महत्व प्रधान पद के आरक्षण के कारण अचानक कई गुना बढ़ गया है।
प्रधान पद को लेकर कांग्रेस जिलाध्यक्ष आदित्य प्रताप सिंह ने दावा किया है कि देलवाड़ा में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है और बोर्ड कांग्रेस का ही बनेगा।
उनका कहना है कि आरएलपी से जीतने वाली कृष्णा भी पहले कांग्रेस से जुड़ी रही हैं। हालांकि प्रधान पद के चुनाव में समर्थन किसे मिलेगा, इसका फैसला चुनाव के समय ही स्पष्ट होगा।
देलवाड़ा में अब दिलचस्प मुकाबला यह नहीं रह गया है कि किस दल के पास कितनी सीटें हैं, बल्कि असली सवाल यह है कि आरक्षित प्रधान पद की कुर्सी तक पहुंचने के लिए कौन सा दल एससी महिला विजेता का समर्थन हासिल कर पाता है। यही एक सीट अब पूरे पंचायत समिति चुनाव की बाजी पलटने वाली कड़ी बन गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

