home page

कांग्रेस ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई—तिवारी

 | 
कांग्रेस ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई—तिवारी


अजमेर, 5 नवम्बर(हि.सं.)। भारतीय जनता पार्टी अजमेर शहर एवं देहात जिला के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत विशाल पदयात्रा एवं जनसभा को राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस ने लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाई है जिसका जनता देगी ।

पदयात्रा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं आमजन ने बड़ी संख्या में उत्साहपूर्वक भाग लिया। सूचना केंद्र के सामने आयोजित विशाल जनसभा के बाद भारत माता के जयकारों के साथ पदयात्रा प्रारंभ हुई। शहर के प्रमुख मार्गों पर व्यापारिक संगठनों एवं नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का स्वागत किया।

राज्यसभा सांसद घनश्याम तिवारी ने अपने विस्तृत उद्बोधन में देश में निर्वाचन आयोग के गठन और उसकी कार्यप्रणाली के ऐतिहासिक संदर्भों पर प्रकाश डालते हुए कांग्रेस के शासनकाल की व्यवस्थाओं का उल्लेख किया। उन्होंने आपातकाल के दौरान अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्हें भी कई महीनों तक जेल में रहकर यातनाएं सहनी पड़ी थीं। उन्होंने अपने जीवन के संस्मरण स्थानीय भाषा और सहज शैली में सुनाते हुए लोकतंत्र के संघर्षपूर्ण इतिहास को सामने रखा।

तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनादेश का सम्मान करने के बजाय लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है। विपक्ष की नकारात्मक राजनीति और अराजकता फैलाने के प्रयासों का जनता लोकतांत्रिक तरीके से करारा जवाब देगी। हमारा दृढ़ संकल्प है कि लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक संस्थाओं और देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की गरिमा की रक्षा की जाए।

कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने कहा कि लोकतंत्र की गरिमा की रक्षा, अराजकता का अंत और सुशासन का संकल्प आज अजमेर की धरती से हम सभी को लेना होगा। लोकतंत्र में जनता का जनादेश ही सर्वोपरि और निर्णायक होता है। कांग्रेस पार्टी को यह समझना चाहिए कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में अंतिम निर्णय जनता ही करती है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी अपनी राजनीतिक सियासत के लिए चाहे जितना विरोध करें, भाजपा का संकल्प है कि मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित की जाए। अपात्र मतदाताओं की पहचान हो और घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में किसी भी सूरत में नहीं रहने चाहिए। लोकतंत्र की आड़ में अराजकता फैलाने तथा जनादेश का अपमान करने की राजनीति को जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। देश की शांति, विकास और संवैधानिक मर्यादाओं से खिलवाड़ करने वालों को जनता जवाब देगी।

प्रदेश महामंत्री मिथिलेश गौतम ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के अंतर्गत देशभर के प्रत्येक जिले में इस प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों को जनता का व्यापक समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता से प्राप्त जनादेश का सम्मान करने के बजाय सड़कों पर उतरकर अराजकता का वातावरण बनाने का प्रयास कर रही है। भाजपा लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश सोनी ने अपने उद्बोधन में एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रक्रिया के माध्यम से मृत व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं तथा मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी एवं शुद्ध बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अपात्र व्यक्तियों और घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में नहीं रहने चाहिए।

सोनी ने कहा कि लोकतंत्र की आड़ में अराजकता फैलाने और संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली विपक्ष की राजनीति के विरुद्ध आज अजमेर की जागरूक जनता ने हुंकार भरी है। अजमेर से उठी यह आवाज स्पष्ट संदेश देती है कि लोकतंत्र में जनता का आदेश ही सर्वोपरि है और जनादेश का सम्मान प्रत्येक राजनीतिक दल का दायित्व है।

देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भड़ाना ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का विश्वास ही सबसे बड़ी पूंजी है। भारतीय जनता पार्टी ने जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया है। देशभर में भाजपा को लगातार मिल रहे जनसमर्थन से विपक्षी दल बौखलाहट में हैं और इसी कारण अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के विश्वास और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करती रहेगी।

कार्यक्रम में अजमेर देहात जिला अध्यक्ष जीतमल प्रजापति, विधायक रामस्वरूप लांबा एवं विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन वंदना नोगिया ने किया।

भाजपा जिला मीडिया संयोजक विक्रम सिंह ने बताया कि विशाल जनसभा के पश्चात सूचना केंद्र से पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। भारत माता की जय और राष्ट्रभक्ति के नारों के साथ कार्यकर्ता तिरंगा झंडा और भाजपा के झंडे के साथ ही एसआईआर के समर्थन में लिखित पट्टिका लेकर अनुशासित रूप से पदयात्रा में शामिल हुए। पदयात्रा के इंडिया मोटर सर्किल पहुंचने पर व्यापारियों द्वारा पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। कचहरी रोड पर भी व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक स्वागत-अभिनंदन किया।

इसके पश्चात व्यापार महासंघ की ओर से गांधी भवन पर पुष्पवर्षा कर पदयात्रा का स्वागत किया गया। पुरानी मंडी एवं नया बाजार के व्यापारिक संगठनों और व्यापारियों ने भी पदयात्रा में शामिल नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का अभिनंदन किया। पूरे मार्ग में नागरिकों का उत्साह देखने को मिला। पदयात्रा का समापन राजकीय संग्रहालय के सामने हुआ। यहां महापौर अनामिका शर्मा ने कार्यक्रम में शामिल सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं एवं आमजन का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर उपमहापौर हेमंत सांखला,संपत सांखला,सुभाष चौधरी, प्रियशील हाड़ा,अरविंद यादव,किशन सोनगरा, रोहण बाकोलिया सभापति जिला महामंत्री राजेश घाटे, राजेश शर्मा,सतीश बंसल, विक्रम सिंह,सीताराम शर्मा दीपक भाकर,चंद्रेश सांखला, मनेंद्र सिंह उपसभापति मदन फौजी, मोनिका सुईवाल,गजेंद्र शर्मा,विवेक रावत,लाल सिंह रावत,अंकित गुर्जर, विकास लालवानी,देवेश मालू,रचित कच्छावा,सर्वेश बजाज सहित भाजपा के अनेक जिला पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षद, मंडल पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संतोष