जेन-जी की नब्ज टटोलेगी कांग्रेस: कॉलेज-यूनिवर्सिटी में चलेगा अभियान
जयपुर, 01 सितंबर (हि.स.)। निकाय एवं पंचायत चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस ने जेन-ज़ी मतदाताओं पर फोकस बढ़ाते हुए मंगलवार को प्रदेश स्तरीय प्रोफेशनल जेन-ज़ेड कमेटी गठित की और ‘चेंज आउटरीच कैंपेन’ लॉन्च किया। अभियान के तहत कांग्रेस कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में पहुंचकर युवाओं की समस्याओं, प्राथमिकताओं, अपेक्षाओं और भविष्य को लेकर सोच जानेगी।
कांग्रेस आईटी सेल प्रमुख सुमित भगासरा ने अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि प्रत्येक जिले में जेन-ज़ेड कमेटियां युवाओं की समस्याओं और सोच पर रिपोर्ट तैयार करेंगी। रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कार्यालय तक भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं की समस्याएं युवा ही बेहतर समझ सकते हैं, इसी सोच के साथ कमेटी बनाई गई है।
अभियान में स्किल डेवलपमेंट, एआई, करियर, रोजगार, स्टार्टअप, खेल, कंटेंट क्रिएशन और कानूनी सहायता जैसे विषयों पर भी युवाओं से संवाद किया जाएगा। डाटा एनालिस्ट मोहित कुमार एआई वर्कशॉप, एडवोकेट अनिरुद्ध सिंह कंटेंट क्रिएटर्स को कानूनी सहायता, एसएमएस अस्पताल के डॉक्टर बंटी शर्मा मेडिकल विद्यार्थियों के मुद्दों और नेशनल प्लेयर व कोच पूजा चौधरी खेलों में लड़कियों की चुनौतियों पर काम करेंगी।
भगासरा ने दावा किया कि जयपुर नगर निकाय चुनाव में कांग्रेस के 150 प्रत्याशियों में 80 फीसदी 50 वर्ष से कम उम्र के हैं और प्रत्याशियों की औसत आयु 37 वर्ष है। इनमें दो प्रत्याशी 22 वर्ष के हैं। उन्होंने कहा कि अभियान चुनाव के बाद भी जारी रहेगा और युवाओं से मिले फीडबैक को व्यवस्थित रूप से प्रदेश नेतृत्व तक पहुंचाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

