home page

दीपावली पर सफाई कर्मी लगाने का वादा पूरा नहीं होने पर कांग्रेस पार्षदों ने खोला मोर्चा

 | 
दीपावली पर सफाई कर्मी लगाने का वादा पूरा नहीं होने पर कांग्रेस पार्षदों ने खोला मोर्चा


जयपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। जयपुर नगर निगम में दीपावली पर प्रत्येक वार्ड में 20 अतिरिक्त सफाईकर्मी लगाने का वादा अब विवाद का विषय बन गया है। मेयर सुनील कोठारी ने 15 अक्टूबर से 15 नवंबर तक हर वार्ड में अतिरिक्त सफाईकर्मी उपलब्ध कराने की बात कही थी, लेकिन एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी कई वार्डों में कर्मचारी नहीं पहुंचने का आरोप कांग्रेस पार्षदों ने लगाया है। पार्षदों का कहना है कि सफाई व्यवस्था के नाम पर करीब 2.94 करोड़ रुपए खर्च करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई, लेकिन वार्डों में इसका असर दिखाई नहीं दे रहा है। मामले को लेकर पार्षदों ने वित्तीय अनियमितताओं के आरोप लगाते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) में शिकायत दर्ज कराने की चेतावनी दी है।

नगर निगम के वार्ड 93 के पार्षद जितेंद्र शर्मा ने बताया कि दीपावली के अवसर पर प्रत्येक वार्ड में 20 अतिरिक्त सफाईकर्मी लगाने का आश्वासन दिया गया था। इसके लिए 15 अक्टूबर से व्यवस्था शुरू होनी थी, लेकिन एक महीने से अधिक समय गुजरने के बावजूद उनके वार्ड में एक भी अतिरिक्त सफाईकर्मी काम करने नहीं पहुंचा। उनका दावा है कि जयपुर के कई अन्य वार्डों में भी यही स्थिति है।

शर्मा ने आरोप लगाया कि सफाई के नाम पर केवल कागजी कार्रवाई की जा रही है। वार्डों में कर्मचारी उपलब्ध कराने के बजाय कुछ पार्षदों को नकद भुगतान का प्रलोभन दिया जा रहा है। उन्होंने इसे जनता की गाढ़ी कमाई के करीब 2.94 करोड़ रुपए से जुड़ा मामला बताते हुए जांच की मांग की। शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि उनके वार्ड में एक महीने के लिए 20 सफाईकर्मी उपलब्ध नहीं कराए गए तो वे वार्डवासियों के साथ मेयर कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देंगे।

वार्ड 91 के पार्षद सीताराम मेहरा ने भी निगम की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले वार्ड में 20 अतिरिक्त सफाईकर्मी लगाने का भरोसा दिया गया था, लेकिन अब तक कोई कर्मचारी नहीं पहुंचा और सफाई व्यवस्था में भी सुधार नहीं हुआ।

मेहरा का आरोप है कि कर्मचारियों की मांग करने पर नगर निगम के अधिकारियों ने सफाईकर्मियों के बदले नकद भुगतान करने की बात कही। उच्च अधिकारियों से शिकायत करने के बाद उनके वार्ड में कर्मचारी आना भी बंद हो गए। उन्होंने बताया कि सफाई अभियान के दौरान भी उनके वार्ड में केवल औपचारिकता की गई। शपथ ग्रहण के बाद अधिकारी और कर्मचारी वहां से चले गए।

मेहरा के अनुसार, वार्ड स्तर पर 23 अस्थाई कर्मचारियों का ठेका 285 रुपए प्रति व्यक्ति प्रतिदिन की दर से किया गया है। इसके तहत प्रत्येक वार्ड के लिए 1 लाख 96 हजार 500 रुपए का कार्यादेश जारी किया गया। उनका आरोप है कि कार्यादेश जारी होने के बावजूद वार्डों में कर्मचारी मौजूद नहीं हैं और पूरी प्रक्रिया कागजों तक सीमित है। उन्होंने आरोप लगाया कि सहायक अभियंता (एईएन), अधिशासी अभियंता (एक्सईएन), सफाई निरीक्षक (एसआई) और मुख्य सफाई निरीक्षक (सीएसआई) स्तर तक के अधिकारी-कर्मचारी इस कथित गड़बड़ी में शामिल हैं।

मेहरा ने इसे मेयर सुनील कोठारी के कार्यकाल का नगर निगम का अब तक का सबसे बड़ा वित्तीय घोटाला बताते हुए एसीबी में शिकायत दर्ज कराने की बात कही। उन्होंने बताया कि कई अन्य पार्षदों ने भी इस व्यवस्था में गड़बड़ी की शिकायत की है। जल्द ही सभी पार्षदों के साथ बैठक कर मामले में आगे की रणनीति तय की जाएगी।

अस्थाई सफाईकर्मियों की नियुक्ति को लेकर नाराजगी केवल कांग्रेस पार्षदों तक सीमित नहीं है। भाजपा के कई पार्षद भी अपने वार्डों में अतिरिक्त सफाई कर्मी नहीं पहुंचने की शिकायत कर चुके हैं। उनका कहना है कि एक महीने का समय बीतने के बाद भी वार्डों में कर्मचारी नहीं लगाए गए। इस संबंध में वे मेयर तक शिकायत पहुंचा चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ। अब भाजपा के कुछ पार्षद भी पार्टी स्तर पर शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहे हैं।

सफाई व्यवस्था को लेकर उठे इन सवालों के बीच नगर निगम प्रशासन के सामने अस्थाई कर्मचारियों की नियुक्ति, कार्यादेश और भुगतान प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट करने की चुनौती है। वहीं कांग्रेस पार्षदों ने चेतावनी दी है कि जल्द वार्डों में कर्मचारी नहीं लगाए गए तो मेयर कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा और मामले को एसीबी तक ले जाया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश