home page

अलवर गैंगरेप मामला: खाचरियावास ने दी आंदोलन की चेतावनी

 | 
अलवर गैंगरेप मामला: खाचरियावास ने दी आंदोलन की चेतावनी


जयपुर, 25 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने अलवर जिले के रैणी थाना क्षेत्र में छात्रा के अपहरण और गैंगरेप की घटना को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने इसे प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न बताते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया।

खाचरियावास ने कहा कि जब मुख्यमंत्री के पास गृह विभाग भी है, तब ऐसी जघन्य घटनाएं सरकार की विफलता को दर्शाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है और महिलाओं व बच्चियों की सुरक्षा भगवान भरोसे है।

उन्होंने कहा कि इस घटना ने पूरे राजस्थान को झकझोर दिया है और जनता सरकार से कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा कर रही है। खाचरियावास ने मांग की कि आरोपितों को तुरंत गिरफ्तार कर फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर कठोर सजा दिलाई जाए। साथ ही पीड़िता को सुरक्षा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की।

पूर्व मंत्री ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री को स्वयं पीड़ित छात्रा और उसके परिवार से मिलकर उनका मनोबल बढ़ाना चाहिए और न्याय का भरोसा दिलाना चाहिए। उन्होंने प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए कहा कि केवल बयानबाजी से काम नहीं चलेगा, बल्कि ठोस कदम उठाने होंगे। खाचरियावास ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की, तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश