home page

चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस का जनाक्रोश प्रदर्शन, पेपर लीक और जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज के विरोध में पुतला दहन

 | 
चित्तौड़गढ़ में कांग्रेस का जनाक्रोश प्रदर्शन, पेपर लीक और जंतर-मंतर पर लाठीचार्ज के विरोध में पुतला दहन


चित्तौड़गढ़, 22 जुलाई (हि.स.)। चित्तौड़गढ़ जिला मुख्यालय पर बुधवार को शहर एवं ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में केंद्र सरकार के खिलाफ जनाक्रोश प्रदर्शन किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं और महिलाओं ने प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के पुतलों की शवयात्रा निकाली और नारेबाजी की। इसके बाद पुतला दहन कर मानव श्रृंखला बनाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान नारेबाजी की गई।

नगर कांग्रेस प्रवक्ता नवरतन जीनगर ने बताया कि यह प्रदर्शन दिल्ली के जंतर-मंतर पर युवाओं एवं छात्रों के आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज, आंसू गैस के गोले छोड़ने और बल प्रयोग के विरोध में किया गया। कांग्रेस ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया। पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्रसिंह जाड़ावत ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में 152 बार पेपर लीक होना केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के सपनों और भविष्य की हत्या है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने और निष्पक्ष भर्ती परीक्षाएं कराने में पूरी तरह विफल रही है। पेपर लीक माफियाओं पर लगाम लगाने के बजाय सरकार उन्हें संरक्षण दे रही है। जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर बल प्रयोग तानाशाही मानसिकता दर्शाता है। कांग्रेस पार्टी युवाओं के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक लड़ेगी।प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति महोदया के नाम जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसमें मांग की गई कि पेपर लीक मामलों की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच हो, दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई हो, युवाओं को न्याय और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित हो, जंतर-मंतर पर बल प्रयोग की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई हो। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवादल के साथ शहर अध्यक्ष अनिल सोनी, ग्रामीण अध्यक्ष विक्रम जाट, वरिष्ठ नेता प्रेम प्रकाश मूंदड़ा, रमेशनाथ योगी, रामलाल जाट सहित सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अखिल