home page

बाबा की दशमी मनाई, 51 ज्योत से की महाआरती

 | 
बाबा की दशमी मनाई, 51 ज्योत से की महाआरती


जोधपुर, 21 सितम्बर (हि.स.)। लोक देवता बाबा रामदेव का पुण्य समाधि दिवस दशमी सोमवार को शहर के सभी रामदेव मंदिरों में श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर मसूरिया स्थित बाबा रामदेव मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। सुबह 51 ज्योत से महाआरती की गई। पंचामृत से अभिषेक किया गया। साथ ही आज महाप्रसादी वितरण के साथ मसूरिया मेला भी सम्पन्न हो गया।

दशमी पर सुबह से ही मसूरिया स्थित बाबा रामदेव मंदिर में जातरूओं का तांता लगा रहा। देश के विभिन्न भागों से आए जातरूओं ने बाबा रामदेव के गुरु बालीनाथ की समाधि के दर्शन किए। मसूरिया पहाड़ी स्थित बाबा रामदेव मंदिर में उनके गुरु बालीनाथ की समाधि पर सुबह 51 ज्योत से महाआरती की गई। समाधि स्थल पर सुबह पंचामृत से बाबा का अभिषेक किया गया।

मसूरिया बाबा रामदेव के गुरु बालीनाथ के समाधि मंदिर का प्रबंधन करने वाले पीपा क्षत्रिय समस्त न्याति सभा ट्रस्ट अध्यक्ष नरेंद्र चौहान ने बताया कि मन्दिर पर फूल मण्डली भी सजाई गई। बाबा रामदेव के पुण्य दिवस पर दशमी तिथि गुरु बालीनाथ के समाधि मंदिर सहित शहर के सभी प्रमुख रामदेव मंदिरों में सुबह अभिषेक, फूल मंडली, महाआरती की गई। भदवासिया क्षेत्र में 80 फीट रोड पर गांधीनगर स्थित बाबा रामदेव मंदिर में बाबा की दशमी पर धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। नागौरी गेट के अंदर जालोरिया का बास स्थित प्राचीन अधरशिला बाबा रामदेव मन्दिर में महाआरती और प्रसादी का आयोजन किया गया।

गाजे-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा

सरदारपुरा 11वीं सी रोड पर संत शिरोमणि भाऊ रामचंद्र मार्ग स्थित बाबा रामापीर मंदिर में भादवा मेला हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मेले के दूसरे दिन सोमवार को बाबा की दशमी धूमधाम से मनाई गई। मंदिर सेवादार प्रकाश और पवन फुलवानी ने बताया कि सुबह नित्य आरती के बाद गाजे-बाजे के साथ शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा मंदिर से होते हुए सिवांची गेट स्थित संत लीला शाह सिंधी स्वर्गाश्रम पहुंची, जहां संत शिरोमणि भाऊ रामचंद्र की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित कर भजनों की प्रस्तुति दी गई। इस दौरान देश के विभिन्न शहरों के साथ-साथ विदेश से आए श्रद्धालुओं ने भी बाबा के दर्शन कर मेले में भाग लिया।

अखंड ज्योत के साथ निकली पैदल ध्वजा यात्रा

सुभाष चौक रातानाडा स्थित घांची समाज बाबा रामदेव मंदिर में घांची समाज विकास समिति, नवयुवक मंडल एवं महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में अखंड ज्योत के साथ पैदल ध्वजा यात्रा निकाली गई। नवयुवक मंडल सचिव अर्जुन भाटी व मुकेश बोराणा ने बताया कि मंदिर के पुजारी रामेश्वरदास वैष्णव एवं श्रद्धालुओं की उपस्थिति में बाबा रामदेव की महाआरती हुई। साथ ही इसके बाद अखंड ज्योत के साथ पैदल ध्वजा यात्रा रवाना हुई। ढोल-नगाड़ों और बाबा के जयकारों के बीच महिलाएं व युवतियां भजनों पर झूमती हुई मसूरिया बाबा रामदेव मंदिर पहुंच कर ध्वजा व चूरमे के लड्डुओं का भोग लगाया गया। इस अवसर पर अशोक भाटी, सन्नी बोराणा, आकाश बोराणा, कैलाश भाटी, कुशल, शुभम, राज, रमेश बोराणा, पंकज भाटी, विजय भाटी, अरुण, मोहित भाटी, नंद किशोर भाटी, धर्मेंद्र, प्रकाश भाटी, मनोहर भाटी, हितेश, राहुल पंवार, हेमंत सहित महिला मंडल की सदस्य उपस्थित रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / सतीश