कलेक्टर ने शारीरिक शिक्षा कॉलेज में अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी
-राज्य क्रीड़ा संस्थान का निरीक्षण किया, बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश
जोधपुर, 14 जुलाई (हि.स.)। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने मंगलवार को राजकीय शारीरिक शिक्षा कॉलेज परिसर में स्थापित राजस्थान राज्य क्रीड़ा संस्थान (एसआईएस) का विस्तृत निरीक्षण कर विभिन्न निर्माण एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा तथा जिला खेल अधिकारी भरत सिंह गुर्जर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला कलक्टर ने बताया कि राष्ट्रीय खेल संस्थान (एनआईएस) पटियाला की तर्ज पर वर्ष 2022 में स्थापित राजस्थान राज्य क्रीड़ा संस्थान प्रदेश में खेल प्रतिभाओं को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। इसके लिए राजकीय शारीरिक शिक्षा कॉलेज, जोधपुर की लगभग 96 बीघा भूमि एवं संपूर्ण आधारभूत संरचना वर्ष 2022 में खेल विभाग को हस्तांतरित की गई थी।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने संस्थान में विकसित हाई परफॉर्मेंस सेंटर, रिहैब सेंटर, पैरा रिहैब सेंटर, ऑल वेदर स्विमिंग पूल, मल्टीपरपज इंडोर हॉल तथा छात्रावास सुविधाओं का अवलोकन किया। जिला कलक्टर ने राजस्थान राज्य सडक़ विकास एवं निर्माण निगम (आरएसआरडीसी) से संस्थान के निर्माण कार्यों की भौतिक प्रगति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। रिहैब सेंटर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सेंट्रलाइज्ड एयर कंडीशनिंग उपलब्ध होने के बावजूद स्प्लिट एसी लगाए जाने के औचित्य पर स्पष्टीकरण मांगा। साथ ही रूफ वाटर के खुले पाइपों को सुरक्षित रूप से कवर करने तथा रूफ सीलिंग की क्षतिग्रस्त कवरिंग को शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
छात्रावास के निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने वर्तमान में संचालित शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय की छात्राओं के चरणबद्ध स्थानांतरण के लिए समुचित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। मल्टीपरपज इंडोर हॉल में स्थापित किए जा रहे बैडमिंटन कोर्ट की प्रकाश व्यवस्था को तकनीकी मानकों के अनुरूप कोर्ट के मध्य भाग में स्थापित करने के निर्देश भी दिए।
पैरा रिहैब सेंटर में उपलब्ध अत्याधुनिक मशीनों का निरीक्षण करते हुए जिला कलक्टर ने विद्युत कनेक्शन विच्छेदित पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की तथा आरएसआरडीसी को तत्काल सबमीटर स्थापित कर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने राजकीय शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय में संचालित कक्षाओं का निरीक्षण कर छात्र-छात्राओं से संवाद किया। बी.पी.एड. द्वितीय वर्ष की कक्षा में टूटी हुई ब्लैकबोर्ड पर अध्ययन-अध्यापन कार्य संचालित होने पर उन्होंने गंभीर आपत्ति व्यक्त की। उन्होंने मौके पर ही जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार मिश्रा को महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रजनी शेखावत से दूरभाष पर संपर्क कर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही तत्काल सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही महाविद्यालय के समस्त कार्मिकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति नियमित रूप से सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश

