home page

राजगढ़-रैणी क्षेत्र में कलेक्टर का निरीक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा और जल संरक्षण कार्यों पर दिया जोर

 | 
राजगढ़-रैणी क्षेत्र में कलेक्टर का निरीक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा और जल संरक्षण कार्यों पर दिया जोर


राजगढ़-रैणी क्षेत्र में कलेक्टर का निरीक्षण, स्वास्थ्य, शिक्षा और जल संरक्षण कार्यों पर दिया जोर


अलवर, 17 अप्रैल (हि.स.)। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने शुक्रवार को राजगढ़ और रैणी क्षेत्र का दौरा कर स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा संस्थानों तथा विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रैणी सहित माचाड़ी, ढिगावड़ा और कोठारी बास में चल रहे कार्यों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

दौरे के दौरान कलेक्टर ने ढिगावड़ा में खराब बोरिंग के उपयोग से तैयार किए गए रिचार्ज सिस्टम का निरीक्षण किया और इसे शीघ्र चालू करने के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए ऐसे नवाचारों को अन्य स्थानों पर भी लागू करने पर जोर दिया। वहीं स्कूल परिसर में विकसित खेल सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए मैदान में उचित मार्किंग कराने के निर्देश भी दिए।

माचाड़ी में कलेक्टर ने ऐतिहासिक बावड़ियों के जीर्णोद्धार कार्यों का जायजा लिया और ग्रामीणों से संवाद करते हुए जल संरक्षण में जनभागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक जल स्रोतों का संरक्षण न केवल भूजल स्तर सुधारने में सहायक होगा, बल्कि ग्रामीण पर्यटन को भी प्रोत्साहित करेगा।

कोठारी बास में बंद पड़े स्कूल भवन के उपयोग को लेकर कलेक्टर ने निर्देश दिए कि इसे किसी सरकारी विभाग के संचालन या सार्वजनिक लाइब्रेरी के रूप में विकसित किया जाए। साथ ही परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा देने के निर्देश दिए गए।

सीएचसी रैणी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ओपीडी, इमरजेंसी, लेबर रूम और ऑपरेशन थिएटर सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने गर्मी के मौसम को देखते हुए लू और तापघात से बचाव के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मरीजों के लिए पेयजल, छाया, पंखे और कूलर जैसी सुविधाओं को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया गया।

कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं के मामलों में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी मरीज को उपचार में देरी नहीं होनी चाहिए। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों से फीडबैक भी लिया, जिसमें स्वास्थ्य सेवाओं को संतोषजनक बताया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार