home page

सीएनजी-पीएनजी नेटवर्क विस्तार के लिए बेहतर प्रदर्शन कर रही:एसीएस माइंस अपर्णा अरोड़ा

 | 
सीएनजी-पीएनजी नेटवर्क विस्तार के लिए बेहतर प्रदर्शन कर रही:एसीएस माइंस अपर्णा अरोड़ा


जयपुर, 05 मई (हि.स.)। राज्य में सीएनजी-पीएनजी नेटवर्क को और अधिक गति देने के लिए अन्य प्रदेशों में बेहतर प्रदर्शन कर रही सीजीडी संस्थाओं के अनुभवों को साझा किया जाएगा। अतिरिक्त मुख्य सचिव माइंस एवं पेट्रोलियम अपर्णा अरोड़ा ने मंगलवार को राजस्थान स्टेट गैस के संचालक मण्डल की बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही बैंगलोर में कार्य कर रही गैल गैस सीजीडी के प्रतिनिधियों से वहां के अनुभवों को साझा करने के लिए प्रजेंटेशन करवाया जाएगा।

एसीएस माइंस एवं पेट्रोलियम अपर्णा अरोड़ा ने बताया कि राज्य में इस वित्तीय वर्ष में 60 नए सीएनजी स्टेशन लगाये जाएंगे। इसके लिए सीजीडी संस्थाओं को टाइमलाइन व कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सीजीडी संस्थाओं द्वारा सीएनजी-पीएनजी सेवाएं आमजनों तक पहुंचाने के लिए काम में तेजी लाने की आवश्यकता है और इसीलिए अच्छा कार्य कर रही संस्थाओं के अनुभवों को साझा किया जाएगा। उन्होंने सीजीडी संस्थाओं को आधारभूत संरचना विकसित करने के कार्य में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

राजस्थान स्टेट गैस के प्रबंध निदेशक विनय पाटनी ने सीजीडी संस्थाओं की और से विश्वास दिलाया कि सीएनजी स्टेशनों की स्थापना के लक्ष्य को समय रहते पूरा कर लिया जाएगा। उन्होेंने बताया कि बैंगलोर में गैल गैस की सीजीड़ी संस्था द्वारा डीपीएनजी-सीएनजी नेटवर्क पर किये जाने वाले कार्य के अनुभवों को जल्द ही जयपुर में सीजीडी संस्थाओं के साथ साझा किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश