home page

मुख्यमंत्री ने उदयपुर में शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण

 | 
मुख्यमंत्री ने उदयपुर में शहरी सेवा शिविर का किया निरीक्षण


उदयपुर, 17 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बुधवार को उदयपुर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने उदयपुर विकास प्राधिकरण परिसर में आयोजित शिविर में उपस्थित लाभार्थियों से संवाद कर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं शिविरों की उपयोगिता को लेकर फीडबैक लिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रत्येक व्यक्ति को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सेवा शिविरों के माध्यम से पट्टा वितरण, नामांतरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति सहित विभिन्न राजस्व एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि जिन मामलों में जांच अथवा प्रक्रिया के कारण अधिक समय लगेगा, उनके लिए फॉलोअप शिविर आयोजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आमजन से जुड़े छोटे से छोटे और बड़े से बड़े कार्य को गंभीरता से लेते हुए हर हाल में समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा किसी प्रकार की लापरवाही या कोताही नहीं बरती जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा है कि बुजुर्गों, दिव्यांगजनों, महिलाओं और वंचित वर्गों सहित समाज के प्रत्येक व्यक्ति को मूलभूत सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों। उन्होंने पार्क, सड़क, नाली, सीवरेज, बिजली और अन्य नगरीय सुविधाओं से संबंधित समस्याओं के प्राथमिकता से समाधान के निर्देश भी दिए।

मुख्यमंत्री ने आमजन से अपील की कि वे अपने आसपास के जरूरतमंद लोगों को भी शिविरों तक पहुंचाने में सहयोग करें, ताकि पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सामूहिक भागीदारी से ही इन शिविरों की सार्थकता सुनिश्चित होगी।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई स्टॉल्स का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को पट्टे, प्रमाण पत्र, भवन निर्माण स्वीकृति पत्र, सहायता राशि के चेक तथा दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी वितरित किए।

लाभार्थियों ने राज्य सरकार की इस जनकल्याणकारी पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

शिविर में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, राजस्व मंत्री हेमंत मीणा, विधायक ताराचंद जैन, फूल सिंह मीणा, उदयलाल डांगी, श्रीचंद कृपलानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित